टाटा ने फिर ली फाइव स्टार होटल

टाटा ने फिर ली फाइव स्टार होटल

नई दिल्ली। फाइव स्टार होटल ताज मानसिंह पर टाटा समूह का नियंत्रण जारी रहेगा। नई दिल्ली नगर पालिका (एनडीएमसी) द्वारा होटल संचालन के अधिकारों की नीलामी में टाटा समूह ने एक बार फिर होटल संचालन का अधिकार हासिल कर लिया है। यह होटल दिल्ली के लुटियंस क्षेत्र में स्थित है। वर्ष-1978 में टाटा समूह को 33 साल की लीज पर होटल सौंपा गया था।
गत दिवस हुई नीलामी में टाटा को आईटीसी ने कड़ी चुनौती दी। ताज मानसिंह होटल की लीज वर्ष-2011 में समाप्त हो गई थी। तब से टाटा समूह अस्थायी तौर पर मिली अनुमति के आधार पर होटल संचालित कर रहा था। नीलामी के बाद अब होटल को एक बार फिर टाटा कंपनी को 33 साल के लीज पर सौंप दिया गया है। एनडीएमसी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार टाटा समूह की इंडियन होटल्स कंपनी लिमिटेड (आईएचसीएल) ने जीएसटी सहित 7.03 करोड़ रुपए की मासिक लाइसेंस फीस और होटल से होने वाली कुल आय का 32.50 प्रतिशत हिस्सा देने की शर्त पर होटल पर अपना नियंत्रण यथावत रखा है। इससे पहले कंपनी लाइसेंस शुल्क के तौर पर प्रतिमाह 3.94 करोड़ रुपए का भुगतान कर रही थी।