उज्जैन मार्ग पर दुर्घटना : 2 मृत, 3 घायल

इंदौर। इंदौर-उज्जैन मार्ग पर मंगलवार सुबह हुई दुर्घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि तीन की हालत गंभीर है। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा खान बड़ोदिया गांव के पास हुआ। यहां सड़क किनारे पैदल जा रही पांच महिलाओं को तेजगति से आ रहे कंटेनर ने कुचल दिया। दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीन को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह खान बड़ोदिया की 5 महिलाएं खेतों में काम करने के लिए घर से निकली थीं। घर से निकल कर जैसे ही वे इंदौर-उज्जैन हाईवे पर पहुंची पीछे से तेज गति से आए कंटेनर ने उन्हें टक्कर मारी और उन्हें कुचलते हुए निकल गया। टक्कर के बाद चालक ने नियंत्रण खो दिया और कंटेनर कुछ दूर जाकर पलट गया।
दुर्घटना के बाद लोगों की भीड़ लग गई। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। काफी देर तक पुलिस के नहीं आने पर लोगों ने खुद ही घायलों को अस्पताल ले जाने की तैयारी की लेकिन तब तक दो महिलाओं की मौत हो चुकी थी। घटनास्थल पर हुई भीड़ के कारण इंदौर- उज्जैन मार्ग पर कई किलोमीटर तक जाम लग गया। पुलिस देरी से पहुंची। पुलिस अधिकारियों को ग्रामीणों के गुस्से का शिकार होना पड़ा। लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अधिकारियों ने काफी देर तक लोगों को समझाया तब जाकर उनका गुस्सा शांत हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर कंटेनर जब्त कर लिया है।