बर्गर खाते ही पूरा मुंह लहुलुहान

पुणे। बर्गर खाने का शौक एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। उसने पुणे में एक प्रतिष्ठित कंपनी के रेस्टॉरेंट में जाकर बर्गर खाया और उसका पूरा मुंह लहुलुहान हो गया क्योंकि बर्गर में कांच के टुकड़े थे। फिलहाल वह व्यक्ति अस्पताल में भर्ती है और अपना उपचार करा रहा है।
पुलिस के अनुसार घायल युवक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उसका नाम साजिद पठान (31 वर्ष) है। वह अपने दास्तों के साथ एक रेस्टॉरेंट में गया था। वहां उसने अपने और दोस्तों के लिए बर्गर आॅर्डर किए। साजिद ने पुलिस को बताया कि बर्गर का एक टुकड़ा चबाते ही उसकी चीख निकल गई। बर्गर में पड़े कांच के टुकड़ों से उसके पूरे मुंह और गले में गहरे घाव हो गए। साजिद के दोस्त तुरंत उसे अस्पताल ले गए। जहां उसे भर्ती किया गया। उसका इलाज जारी है। साजिद की शिकायत पर पुलिस ने रेस्टॉरेंट संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। उधर रेस्टॉरेंट संचालक ने पूरे मामले से हाथ झटकते हुए कहा है कि इसमें रेस्टॉरेंट की कोई गलती नहीं है। रेस्टॉरेंट को बदनाम करने और रुपए ऐेंठने के लिए शिकायतकर्ता ने खुद बर्गर में कांच मिलाया था।