आतंकियों पर 35 करोड़ का इनाम

न्यूयॉर्क। मुंबई पर वर्ष 2008 में हुए आतंकी हमले की साजिश रचने तथा आतंकियों की सहायता करने वालों की जानकारी देने पर अमेरिका ने 50 लाख डॉलर (35 करोड़ रुपए से अधिक) का इनाम देने की घोषणा की है। मुंबई हमले की 10वीं बरसी पर यह घोषणा की गई है। 26 नवंबर 2008 को मुंबई में लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने हमले को अंजाम दिया था। एक आतंकी अजमल कसाब को सुरक्षा बलों ने जीवित पकड़ लिया था। जिसे बाद में कोर्ट के आदेश पर फांसी की सजा दी गई।
आंतकी हमले में 166 लोगों की मौत हुई थी। इनमें 6 अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे। अमेरिका के रिवार्ड फॉर जस्टिस डिपार्टमेंट ने सोमवार को इस इनाम की घोषणा की। अमेरिका अपने इंटरनेशनल पार्टनर्स के साथ दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दिलाने के लिए कार्यरत है। इनाम की घोषणा तीसरी बार की गई है। वर्ष 2012 में लश्कर के संस्थापक हाफिज मोहम्मद सईद, हाफिज अब्दुल रहमान मक्की समेत लश्कर-ए-तैयबा के दूसरे नेताओं की सूचना देने वालों को इनाम देने की घोषणा की गई थी। मुंबई हमले से जुड़ी जानकारी वेबसाइट, ईमेल, फोन (800-877-3927) पर दी जा सकती है।