Rashtriya Pioneer Pride: किसने कहा- महिलाओं के लिए खतरनाक देश है भारत? किसने कहा- महिलाओं के लिए खतरनाक देश है भारत? ================================================================================ Dilip Thakur on 26/06/2018 12:54:00 थॉमसन रॉयटर्स फांउडेशन की सर्वे की रिपोर्ट नई दिल्ली। क्या आप मानते हैं कि महिलाओं के लिए भारत दुनिया का सबसे खतरनाक देश है? लंदन के थॉमसन रॉयटर्स फांउडेशन द्वारा जारी की गई सर्वे की रिपोर्ट तो यही कहती है कि महिलाओं के लिए भारत दुनिया का सबसे खतरनाक देश है। इसके पहले वर्ष-2011 में हुए सर्वे में अफगानिस्तान, कॉन्गो, पाकिस्तान, भारत और सोमालिया को महिलाओं के लिए सबसे खतरनाक देश माना गया था लेकिन इस साल अर्थात 2018 में जारी सर्वे रिपोर्ट में भारत को अव्वल बताया गया है। इससे यह स्पष्ट हो गया कि 6 साल पहले हुए निर्भया कांड के बाद कड़े विरोध और प्रदर्शनों के बावजूद महिलाओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। थॉमसन रॉयटर्स फांउडेशन के सर्वे के मुताबिक महिलाओं के प्रति यौन हिंसा और देह व्यापार के धंधे में धकेले जाने के आधार पर भारत को महिलाओं के लिए खतरनाक बताया गया है। भारत को महिलाओं के लिए युद्धग्रस्त सीरिया और अफगानिस्तान से भी ज्यादा खतरनाक करार दिया गया है। शासकीय आंकड़ों के मुताबिक 2007 से 2016 के बीच महिलाओं के प्रति अपराधों में 83 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। हर घंटे औसतन ऐसे 4 मामले दर्ज किए जाते हैं।