Rashtriya Pioneer Pride: ट्रेन की बोगी में आग ट्रेन की बोगी में आग ================================================================================ Dilip Thakur on 27/11/2018 14:04:00 भगदड़ में पांच यात्री घायल कुरुक्षेत्र। कालका-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन की एक बोगी में कुरुक्षेत्र के धीरपुर स्टेशन के पास मंगलवार तड़के आग लग गई। आग देख कर मची भगदड़ में 5 यात्री घायल हो गए। ट्रेन दिल्ली जा रही थी। यात्रियों के अनुसार घटना मंगलवार सुबह करीब 4 बजे हुई। कालका एक्सप्रेस कुरुक्षेत्र के धीरपुर स्टेशन के पास पहुंची तभी कुछ यात्रियों को एसएलआर बोगी से धुआं निकलता दिखा। उस समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। आग और धुआं देख कर यात्रियों ने शोर मचाया तो बोगी में भगदड़ मच गई। नींद से जागे यात्री भी भागने लगे। भगदड़ में 3 महिलाएं और 2 पुरुष घायल हो गए। लोगों ने चेन खींच कर ट्रेन रुकवाई। सूचना मिलते ही रेल अधिकारी वहां पहुंचे। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जलती हुई बोगी को ट्रेन से अलग किया गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बोगी पूरी तरह जल गई, यदि यात्री चेन खींच कर ट्रेन नहीं रुकवाते तो बड़ा हादसा हो सकता था।