Rashtriya Pioneer Pride: हड़ताल के सातवें दिन पकोड़े बेचे हड़ताल के सातवें दिन पकोड़े बेचे ================================================================================ Dilip Thakur on 28/02/2018 11:35:00 बेमियादी हड़ताल जारी देवास। भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध मप्र सहकारी संस्थाएं कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर कर्मचारियों की बेमियादी हड़ताल मंगलवार को सातवें दिन भी जारी रही। कर्मचारियों ने जायज मांगें नहीं मानी जाने पर नारेबाजी करते हुए पकोड़े बनाकर बेचे। जिलाध्यक्ष संतोष शुक्ला ने बताया कि 27 फरवरी को समस्त कर्मचारियों, कम्प्यूटर आॅपरेटरों ने विपणन सहकारी संस्था के कर्मचारी मिलकर धरनास्थल पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक पकोड़े बना कर राहगीरों को बेचे व सरकार के प्रति आक्रोश व्यक्त किया। श्री शुक्ला ने बताया कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगें हैं- प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में पदस्थ समस्त कर्मचारियों का वेतनमान का लाभ दिया जाए, प्राथमिक कृषि सहकारी संस्थाओं में पदस्थ कर्मचारियों के लिए जिला केडर एवं स्थानांतरण नीति तय की जाए, संस्थाओं में कार्यरत कम्प्यूटर आॅपरेटरों को सेवा नियम में लिया जाए, सेवानिवृत्ति की आयु 62 वर्ष करें, शासकीय उचित मूल्य दुकानों को समूह में देने का निर्णय वापस लें, दुकानें समितियों को दी जाएं, समितियों में भुगतान क्षमता के मापदंड को समाप्त कर कर्मचारियों को शासन के कर्मचारियों का दर्जा दिया जाए। धरना प्रदर्शन के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष इंदरसिंह गौड़, कोषाध्यक्ष माखनलाल वर्मा, अशोक कुमावत, रामभानसिंह, श्रम विभाग अध्यक्ष एसपीएस ठाकुर, विजय कुमार जोशी सहित जिले के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।