Rashtriya Pioneer Pride: सरकारी इंजीनियर 200 करोड़ का मालिक सरकारी इंजीनियर 200 करोड़ का मालिक ================================================================================ Dilip Thakur on 08/06/2018 13:16:00 आयकर विभाग ने 10 ठिकानों पर मारे छापे नई दिल्ली। आयकर विभाग ने नोएडा प्राधिकरण के एक इंजीनियर की आय से अधिक और बेनामी संपत्तियों का खुलासा किया है। इंजीनियर को करीब 200 करोड़ से अधिक की संपत्तियों का मालिक बताया गया है। गुरुवार सुबह आयकर विभाग की टीमों ने नोएडा प्राधिकरण के प्रोजेक्ट इंजीनियर ब्रजपाल चौधरी के अलग-अलग शहरों में स्थित 10 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। छापे की कार्रवाई शुक्रवार को भी जारी है। नोएडा के सेक्टर-27 में ब्रजपाल के निवास पर भी छापे की कार्रवाई चल रही है। आयकर विभाग के अधिकारियों के अनुसार ब्रजपाल के करोड़ों की संपत्ति मिली है। दिल्ली-एनसीआर की 30 प्रॉपर्टीज के दस्तावेज मिले हैं। सस्ते दामों पर खरीद कर महंगे दामों पर जमीन बेचने के दस्तावेज भी हाथ लगे हैं बैंक खातों और लॉकर्स की जांच अभी बाकी है। फरीदाबाद और पिलखुआ में भी कई प्रॉपर्टी हैं। मोदीनगर में कृषि फार्म है। कई नामी बिल्डरों की हाउसिंग सोसाइटी में 8 फ्लैट के दस्तावेज मिले हैं। पत्नी और बच्चों के नाम पर भी कई प्रॉपर्टी हैं। आयकर अधिकारियों के अनुसार ब्रजपाल की दो पत्नियां हैं। पहली पत्नी सुदेश के साथ वे सेक्टर 27 में रहते हैं। पहली पत्नी से दो बच्चे हैं। दूसरी पत्नी विनीता फरीदाबाद के सेक्टर-91 में रहती है। उससे भी दो बच्चे हैं। विनीता के नाम पर फरीदाबाद में संपत्ति खरीदी गई है।