Rashtriya Pioneer Pride: पत्नी को एचआईवी संक्रमित सुई लगाई पत्नी को एचआईवी संक्रमित सुई लगाई ================================================================================ Dilip Thakur on 01/12/2018 12:03:00 डॉक्टर पति व ससुराल वालों पर केस दर्ज पुणे। पुणे निवासी एक महिला का जीवन ससुराल वालों के कारण संकट में पड़ गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर पति ने उसे एचआईवी पीड़ित बना दिया। पति ने एचआईवी से संक्रमित सुई से उसे इंजेक्शन दिया। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष द्वारा उसे परेशान किया जा रहा था। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पति सहित ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र करीब 27 वर्ष है। उसका विवाह पुणे निवासी डॉक्टर के साथ वर्ष-2015 में हुआ था। महिला ने पुलिस को बताया कि विवाह के बाद से ही पति तथा ससुराल पक्ष के अन्य सदस्य दहेज के लिए उसे परेशान कर रहे थे। गत वर्ष अक्टूबर माह में वह बीमार पड़ी तो डॉक्टर पति ने घर पर ही सलाइन लगाई थी। इस वर्ष फरवरी में वह दोबारा बीमार हुई तब पुणे के ही एक अस्पताल में इलाज कराया। वहां डॉक्टरों ने कुछ ब्लड टेस्ट कराए। जिनसे पता चला कि वह एचआईवी पॉजिटिव है। महिला ने पुलिस को सौंपी शिकायत में आरोप लगाया कि यह करतूत उसके पति व ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों द्वारा की गई है। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके डॉक्टर पति तलाक चाहते थे। उन्होंने ही एचआईवी संक्रमित सूई का उपयोग सलाइन चढ़ाने में किया था। जिससे वह संक्रमित हो गई। पति के ब्लड टेस्ट में एचआईवी संक्रमण नहीं पाया गया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आईपीसी की धारा 328 और 498 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।