Rashtriya Pioneer Pride: 750 किलो प्याज के मिले 1064 रुपए 750 किलो प्याज के मिले 1064 रुपए ================================================================================ Dilip Thakur on 03/12/2018 14:17:00 नाराज किसान ने पीएम राहत कोष को भेज दी राशि मुंबई। महाराष्ट्र के किसान संजय साठे को 750 किलो प्याज की कीमत मात्र 1 हजार 64 रुपए मिली। इससे नाराज हुए साठे ने यह राशि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेज दी। नासिक जिले के निफाड तहसील के निवासी संजय साठे प्रगतिशील किसान हैं। इसका अनुमान इस बात से भी लगाया जा सकता है कि वर्ष-2010 में केंद्रीय कृषि मंत्रालय ने उन्हें तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से संवाद के लिए चुना था। ओबामा तब भारत यात्रा पर आए थे। प्याज के कम दाम मिलने से परेशान साठे का कहना है कि चार महीने तक खेत में की गई मेहनत का इतना कम भाव मिलना दु:खद है। इसलिए मैंने पीएमओ के आपदा राहत कोष में यह राशि दान कर दी। वह राशि मनी-आॅर्डर से भेजने के लिए 54 रुपए अलग से देने पड़े। साठे ने यह भी स्पष्ट किया कि मैं किसी राजनीतिक दल का कार्यकर्ता नहीं हूं, मैं तो केवल सरकार की उदासीनता से नाराज हूं।