Rashtriya Pioneer Pride: खंडूरी के बेटे कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल खंडूरी के बेटे कांग्रेस में हो सकते हैं शामिल ================================================================================ Dilip Thakur on 14/03/2019 15:22:00 पूर्व सीएम और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे हैं खंडूरी नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले उत्तराखंड में भाजपा को बड़ा झटका लग सकता है। भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे बीसी खंडूरी के बेटे मनीष खंडूरी कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें पौड़ी से टिकट दे सकती है। उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीटें हैं। 2014 के चुनाव में भाजपा ने सभी पांचों सीटों पर विजय हासिल की थी। वरिष्ठ नेता बी.सी. खंडूरी भाजपा के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं इसका अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने नारा दिया था- खंडूरी हैं जरूरी। पौड़ी लोकसभा सीट भाजपा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है लेकिन यदि मनीष खंडूरी ने कांग्रेस में शामिल होते हैं तो वहां के राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल जाएंगे। मनीष ने दिल्ली इंजीनियंरिंग कालेज से इंजीनियरिंग की डिग्री ली और कैलाग से एमबीए किया। 10 साल तक टर्नर ब्रदर के साथ भी कार्य किया। पेशे से पत्रकार और आईटी विशेषज्ञ मनीष फेसबुक इंडिया के न्यूज पार्टनरशिप के हेड हैं। उन्होंने बिजनेस स्टैंडर्ड, बिजनेस वर्ल्ड के लिए पत्रकारिता की और सीएनएन के डिजिटल संस्करण से भी जुड़े। वे जय दुर्गा सामाजिक कल्याण संस्था के हेड के रूप में शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी कार्य कर रहे हैं।