Rashtriya Pioneer Pride: बिक गया आर.के. स्टूडियो बिक गया आर.के. स्टूडियो ================================================================================ Dilip Thakur on 03/05/2019 11:52:00 कपूर परिवार ने गोदरेज को सौंपा स्टूडियो मुंबई। कपूर खानदान का ऐतिहासिक आर.के. स्टूडियो अंतत: बिक ही गया। कभी फिल्मी दुनिया का प्रमुख केंद्र रहे इस स्टूडियो में कुछ समय पूर्व आग लग गई थी जिसमें बड़ी संख्या में ऐसी सामग्री नष्ट हो गई थी जो फिल्मों के इतिहास के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण थी। कपूर परिवार के अलावा कई अन्य फिल्मी हस्तियां भावनात्मक रूप से इस स्टूडियो से जुड़ी रहीं। पिछले कई दिनों से यह खबरें आ रही थीं कि कपूर परिवार ने इसे बेचने जा रहा है। अंतत: शुक्रवार को इसकी अधिकृत घोषणा भी हो गई। गोदरेज प्रॉपर्टीज ने मुंबई के चेंबूर में स्थित आर.के. स्टूडियो की जमीन खरीदने की शुक्रवार को घोषणा की। कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन फिरोजशाह गोदरेज ने कहा कि कंपनी ने चेंबूर स्थित इस ऐतिहासिक स्थल को अपने पोर्टफोलियो में शामिल कर लिया है। 2.20 एकड़ में फैली इस जमीन पर करीब 33 हजार वर्गमीटर बेचने योग्य क्षेत्र मिलेगा। कंपनी यहां आधुनिक लग्जरी अपार्टमेंट तथा लग्जरी कमर्शियल एरिया का निर्माण करेगी। कंपनी ने सौदे की राशि की जानकारी नहीं दी। कपूर परिवार की ओर से रणधीर कपूर ने कहा कि चेंबूर स्थित यह संपत्ति मेरे परिवार के लिए बहुत महत्वपूर्ण रही है क्योंकि यहां कई दशकों तक आर. के. स्टूडियो का संचालन हुआ। अब हमने इस संपत्ति की नई कहानी लिखने के लिए गोदरेज को चुना है।