मुंबई। टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्त्री भी अब महेंद्र सिंह धोनी के संबंध में जारी चर्चा में शामिल हो गए हैं। पिछले कुछ समय से यह चर्चा जारी है कि धोनी को अब 20-20 और वनडे फॉरमेट से भी संन्यास ले लेना चाहिए। कप्तान विराट कोहली ने न्यूजीलैंड सीरीज के बाद धोनी को खेलने के लिए बिल्कुल फिट बताया था। अब हेड कोच शास्त्री ने धोनी को 'टीम मैन' बताते हुए कहा कि कुछ लोग उनसे जलते हैं। वे चाहते हैं कि उनका कॅरियर जल्द खत्म हो जाए। उनके आलोचक चाहते हैं कि कुछ मैच में वे खराब खेलें और उनका इंटरनेशनल कॅरियर खत्म हो जाए। उल्लेखनीय है कि शास्त्री ने इस मामले में पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण और अजित आगरकर का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा है।
भारत-न्यूजीलैंड 20-20 सीरीज के दूसरे मैच के बाद लक्ष्मण और आगरकर ने कहा था कि धोनी को अब 20-20 क्रिकेट छोड़ देना चाहिए और युवा खिलाड़ियों को मौका देना चाहिए। शास्त्री का कहना है कि आसपास बहुत से लोग ऐसे हैं जिनके मन में जलन है, जो बस इतना चाहते हैं कि धोनी एक-दो मैच में खराब खेलें... कुछ ऐसे लोग हैं, जो चाहते हैं कि धोनी का समय खत्म हो जाए। लेकिन धोनी जैसे महान खिलाड़ी अपने भविष्य के बारे में खुद फैसला लेते हैं। शास्त्री ने बांग्ला न्यूज पेपर 'आनंद बाजार पत्रिका' को दिए इंटरव्यू में कहा कि टीम इंडिया को धोनी की काबिलियत और उनकी महत्ता के बारे में पता है। इन आलोचनाओं से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमें पता है कि टीम में धोनी कहां खड़े होते हैं। वे एक महान कप्तान रह चुके हैं और अब बेहतरीन टीम मैन हैं। शास्त्री से जब पूछा गया कि क्रिकेटर्स और एक्सपर्ट्स की बातों को वे किस तरह लेते हैं तो उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले मैं भी टेलीविजन शो में नजर आता था। लोग सवाल पूछते हैं और आपको जवाब देना होता है। शो ऐसे ही चलता है। धोनी सुपरस्टार हैं। वे हमारे महानतम क्रिकेटरों में से एक हैं। वे ऐसे क्रिकेटर हैं जो हमेशा ही चर्चा के लिए बेस्ट टॉपिक होते हैं। वे हमेशा चर्चा में रहेंगे क्योंकि वो महान हैं। जब आपका कॅरियर इतना ग्लोरियस हो तो आप टेलीविजन पर टॉपिक बन ही जाते हैं। पिछले एक साल में वनडे में धोनी का औसत 65 से ऊपर रहा है। श्रीलंका और आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज में उन्होंने भारत की जीत में अहम भूमिका भी निभाई थी।
Home |
Set as homepage |
Add to favorites
| Rss / Atom
Powered by Scorpio CMS
Best Viewed on any Device from Smartphones to Desktop.
Post your comment