फिर तेजी से बढ़ने लगे प्याज के भाव

औरंगाबाद। प्याज की कीमतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। नासिक मे लासलगांव में देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी है। मंडी के थोक व्यापारियों का कहना है कि मांग और आपूर्ति के बीच बढ़ते अंतर की वजह से दाम बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 10 दिनों में कीमत करीब 80 प्रतिशत बढ़ गई है। सोमवार को बाजार खुलने पर 21.33 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। शुक्रवार को प्याज 2020 रु. प्रति क्विंटल था जो सोमवार को बढ़कर 2451 रु. प्रति क्विंटल हो गया। अगले कुछ दिनों में रिटेल बिक्री पर भी यह असर दिखने लगेगा। नासिक में रिटेल में प्याज के भाव 30 रुपए किलो हो गए हैं। व्यापारियों का अनुमान है कि देश में प्याज की कीमत एक बार फिर 50 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती है। दक्षिण भारत में प्याज की मांग फिलहाल बढ़ी हुई है। वहां सप्लाय अधिक होने से नासिक में थोक मूल्य बढ़ता जा रहा है। एक अन्य तथ्य यह भी है कि दिवाली के दौरान लासलगांव समेत प्याज की नीलामी करने वाली अन्य मंडियां करीब एक सप्ताह तक बंद रहेंगी। इसलिए थोक व्यापारियों ने प्याज की कीमतें बढ़ा दी हैं। सबसे खास बात यह है कि प्याज की कीमतें बढ़ती जा रही हैं और हर बार की तरह इस बार भी सरकार पूरी तरह खामोश है।