दोबारा दुबई पहुंचे थे बोनी कपूर

मुंबई। फिल्म अभिनेत्री श्रीदेवी के निधन से उनके प्रशंसक सदमे में हैं। हर कोई यह जानना चाहता है कि आखिर यह सब हुआ कैसे? दुबई के अखबार 'खलीज टाइम्स' ने भारतीय दूतावास के हवाले से जानकारी दी है कि श्रीदेवी की मौत कहां और किस स्थिति में हुई। खलीज टाइम्स के अनुसार श्रीदेवी के पति बोनी कपूर मुंबई के लिए दुबई से निकल चुके थे लेकिन पत्नी को सरप्राइज देने के लिए शनिवार शाम को वे वापस दुबई पहुंच गए। उन्होंने शाम करीब साढ़े पांच बजे श्रीदेवी को जगाया और लगभग पंद्रह मिनट तक दोनों ने बातें कीं। इसके बाद श्रीदेवी तैयार होने के लिए वॉशरूम में गईं। काफी देर तक जब वे बाहर नहीं आईं तो बोनी ने दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला तो बोनी ने धक्का मार कर दरवाजा खोला। अंदर श्रीदेवी बाथटब में बेसुध पड़ी थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस और डॉक्टर मौके पर पहुंचे। श्रीदेवी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। सोमवार दोपहर दो बजे तक उनका शव मुंबई पहुंच सकता है।