16 खिलाड़ियों को राष्ट्रपति ने अर्जुन पुरस्कार प्रदान किए

नई दिल्ली। पैरालिंपियन देवेंद्र झझारिया और हॉकी खिलाड़ी सरदार सिंह को मंगलवार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न से सम्मानित किया। स्टार महिला क्रिकेटर हरमनप्रीत कौर समेत 16 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार प्रदान किया गया। भाला फेंक खिलाड़ी झझारिया दो पैरालिंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले पहले भारतीय और खेल रत्न पाने वाले पहले पैरा-ऐथलीट  हैं। राष्ट्रपति भवन में आयोजित विशेष समारोह में उक्त पुरस्कार प्रदान किए गए। उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ 7.5 लाख रुपए की राशि भी भेंट की गई। इस साल खेल पुरस्कार विवादों से अछूते नहीं रहे। द्रोणाचार्य पुरस्कार की सूची से खेल मंत्रालय ने पैरा खेलों के कोच सत्यनारायण और कबड्डी कोच हीरानंद कटारिया का नाम हटाया जबकि पुलेला गोपीचंद की अध्यक्षता वाली समिति ने इनके नामों की अनुशंसा की थी। सत्यनारायण के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज है और कटारिया के खिलाफ मंत्रालय को कई शिकायतें मिली थीं इन दोनों के नाम हटाकर 6 कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार दिए गए जबकि तीन पूर्व खिलाड़ियों को खेलों में आजीवन योगदान के लिए ध्यानचंद पुरस्कार मिला। अर्जुन, द्रोणाचार्य और ध्यानचंद पुरस्कार पाने वालों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और 5-5 लाख रुपए की राशि भी दी गई। अर्जुन पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों में इनमें क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा, महिला क्रिकेट टीम की विश्व कप स्टार हरमनप्रीत कौर, पैरालिंपिक मेडल विजेता एम थंगावेलू और वरुण भाटी, गोल्फर एसएसपी चौरसिया और हॉकी स्टार एस.वी. सुनील शामिल हैं। मरियप्पन ने पुरुषों की उंची कूद (एफ-46) में गोल्ड मेडल जीता जबकि भाटी ने इसी वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया। पुरस्कार विजेताओं की सूचीखेल रत्न- देवेंद्र झझारिया (पैरा-ऐथलीट) , सरदार सिंह (हॉकी)।अर्जुन पुरस्कार- वी.जे. सुरेखा (तीरंदाजी), खुशबीर कौर (ऐथलेटिक्स), आरोकिन राजीव (एथलेटिक्स), प्रशांति सिंह (बास्केटबॉल), एल. देवेंद्रो सिंह (मुक्केबाजी), चेतेश्वर पुजारा (क्रिकेट), हरमनप्रीत कौर (क्रिकेट), ओइनाम बेमबेम (फुटबॉल), एसएसपी चौरसिया (गोल्फ), एस.वी. सुनील (हॉकी), जसवीर सिंह (कबड्डी), पी.एन. प्रकाश (निशानेबाजी), ए. अमलराज (टेबल टेनिस), साकेत माइनेनी (टेनिस), सत्यव्रत कादियान (कुश्ती), एम. थंगावेलू और वरुण भाटी (पैरा-ऐथलीट)। द्रोणाचार्य पुरस्कार : दिवंगत डॉ. आर. गांधी (ऐथलेटिक्स), जीएसएसवी प्रसाद (बैडमिंटन), बृजभूषण मोहंती(मुक्केबाजी), पी.ए. रफेल (हॉकी), संजय चक्रवर्ती (निशानेबाजी), रोशनलाल(कुश्ती)।ध्यानचंद पुरस्कार -भूपेंदर सिंह (एथलेटिक्स), सैयद शाहिद हकीम (फुटबॉल), सुमराइ टेटे (हॉकी)