ख्यात अभिनेता शशि कपूर का निधन

मुंबई। अभिनेता व फिल्म निर्माता शशि कपूर का सोमवार को निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे। उन्होंने कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में शाम 5.20 बजे अंतिम सांस ली। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में बॉलीवुड सितारे उनके घर पहुंचे। फिल्म जगत में कपूर खानदान की नींव रखने वाले दिवंगत अभिनेता पृथ्वीराज कपूर के तीन बेटों में सबसे छोटे थे शशि कपूर। उनसे बड़े राज कपूर और शम्मी कपूर थे। शशि कपूर के निधन की खबर मिलते ही कई फिल्मी सितारे उनके घर पहुंचे। राज कपूर की पत्नी कृष्णा कपूर व अमिताभ बच्चन ने वहां पहुंच कर शशि कपूर के अंतिम दर्शन किए। ऐश्वर्या राय बच्चन अभिषेक बच्चन भी साथ थे। 70 से 80 केदशक में शशिा कपूर और अमिताभ बच्चन ने एक साथ कई फिल्में कीं जिनमें दीवार, सिलसिला, नमक हलाल, काला पत्थर, शान जैसी कई शानदार फिल्में शामिल हैं। शशि कपूर की पोती करीना कपूर (भतीजे रणधीर कपूर की बेटी) अपने पति सैफ अली खान के साथ पहुंचीं। अपने दादा के अंतिम दर्शन के लिए करिश्मा कपूर भी पहुंचीं। ऐक्ट्रेस काजोल, रानी मुखर्जी भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचीं। ऋषि कपूर और उनकी पत्नी नीतू कपूर ने भी अंतिम दर्शन किए। फिल्म निर्माता बोनी कपूर, संजय कपूर, रणधीर कपूर की पत्नी बबीता कपूर, राज कपूर के बेटे राजीव कपूर ने भी घर पहुंच कर उनके अंतिम दर्शन किए।