अनिल कपूर जर्मनी में कराएंगे इलाज

मुंबई। हमेशा फिट, स्वस्थ और युवा दिखाई देने वाले बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर शीघ्र ही इलाज के लिए जर्मनी जाएंगे। 62 वर्षीय अनिल कपूर ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जानकारी दी कि वे कैल्सिफिकेशन आॅफ शोल्डर की तकलीफ से जूझ रहे हैं। यह एक ऐसी बीमारी है जिसके कारण उनका कंधा पत्थर के समान कठोर होता जा रहा है। वे इलाज के लिए अप्रैल में जर्मनी जाने वाले हैं। अनिल ने बताया कि दो साल से उनके दाहिने कंधे में तेजी से कैल्शियम जमा हो रहा है। उनकी परेशानी बढ़ती जा रही है। फिल्मों में लगातार स्टंट करने के कारण उनका कंधा खराब हुआ है। वे अधिकतर स्टंट खुद करते थे लेकिन अब इस बीमारी के बाद स्टंट करना मुश्किल हो गया है। वे अपना हाथ उठा भी नहीं पा रहे हैं।