एक गड्ढा, तीन पार्षद फिर भी चौराहा लावारिस, परेशान रहवासी, कोई सुनवाई को तैयार नहीं

इंदौर। शहर के अतिव्यस्ततम मार्गों में शुमार और स्मार्ट सिटी क्षेत्र में आने वाले महू नाका चौराहे पर बड़ा गड्ढा दुर्घटना को न्यौता दे रहा है। गड्ढे को लेकर आसपास के तीन पार्षद अपना वार्ड नहीं होने का कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं। 
महापौर मालिनी गौड़ के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 4 में समस्याओं का अंबार है। वार्ड 71 में क्षेत्रीय समस्याएं जानने गत दिनों जनकार्य समिति प्रभारी शंकर यादव भी पहुंचे थे, फिर भी हालत जस के तस बने हुए हैं। विधानसभा क्षेत्र के सभी पार्षद पूरी तरह निष्क्रिय बने हुए हैं, जिससे नागरिकों में रोष व्याप्त है। मह नाका चौराहा से अन्नपूर्णा पहुंच मार्ग पर एक होटल के सामने 3 से 4 फीट का गड्ढा है जो गंदे पानी से भरा हुआ है। इस मार्ग से प्रति मिनट 100 से अधिक वाहन सरपट गति से निकलते हैं। महू नाका चौराहा पर यातायात सिग्नल लगा होने से वाहन चालक गड्ढे से बच जाते हैं, वरना दुर्घटना की संभावना हर पल बनी रहती है। महू नाका से रोजाना निगम अधिकारीगण और मेयर इन कौंसिल के सदस्य आवाजाही करते हैं मगर किसी को भी गड्ढा अब तक नजर नहीं आया। 
सूत्रों की मानें तो पिछले दिनों जब जनकार्य समिति प्रभारी शंकर यादव ने क्षेत्र का दौरा किया था तब रहवासियों ने गड्ढे को भरने की मांगी की थी। प्रभारी ने आश्वस्त किया था कि गड्ढा शीघ्र भर दिया जाएगा। स्वस्तिक नगर, समाजवादी इंदिरा नगर, द्रविड़ नगर में भी सड़क की हालत बदतर हैं। महापौर सारे शहर में बिना भेदभाव विकास की बात कहती हैं लेकिन उनके विकास कार्यों की पोल महू नाके के गड्ढे व वार्ड 71 में उजागर हो रही है। 
मेरे वार्ड में नहीं आता...
वह क्षेत्र मेरे वार्ड में नहीं आता। कुछ लोगों ने पिछले दिनों जनकार्य समिति प्रभारी को यह समस्या बताई थी। गड्ढे को बंद क्यों नहीं किया गया यह बताना मुश्किल है।                
- भारत पारीख, पार्षद वार्ड क्रमांक 71

गड्ढा भरने की जिम्मेदारी मेरी नहीं...
उक्त क्षेत्र पार्षद विनीता धर्म के वार्ड में आता है। मेरा वार्ड तरण पुष्कर से शुरू होता है। गड्ढा भरने की जिम्मेदारी उनकी है। जनकार्य समिति प्रभारी को भी ध्यान देना चाहिए।             
- राजेश शुक्ला, पार्षद वार्ड क्रमांक 67

दोनों पार्षद निष्क्रिय हैं...
दोनों पार्षद निष्क्रिय हैं। गड्ढा दिखाई दे रहा तो बंद कराना चाहिए। मेरे वार्ड में महू नाका नहीं आता। किसके वार्ड में आता है, मैं नहीं बता सकती।                   
-विनीता धर्म, पार्षद वार्ड क्रमांक 72