मॉडल से छेड़छाड़, स्कर्ट खींचा

इंदौर। मध्यप्रदेश के सबसे बड़े शहर इंदौर में महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले थमते नजर नहीं आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ही चार माह की बच्ची से रेप और हत्या का मामला सामने आया था। इसके बाद एक मॉडल से व्यस्ततम सड़क पर छेड़छाड़ की गई। अगले ही दिन महिलाओं से छेड़छाड़ के पांच और मामले अलग-अलग थानों में दर्ज हुए।
मॉडल ने ट्वीट कर बताया था कि इंदौर के एक व्यस्ततम मार्ग पर दो युवकों ने मुझसे छेड़छाड़ करने के साथ ही मेरे कपड़े खींचने कोशिश की। उनसे संघर्ष के दौरान मैं दोपहिया वाहन से नीचे गिर गई। चोट लगने से घायल हो गई। मॉडल का ट्वीट पढ़ने के बाद सीएम शिवराजसिंह चौहान ने डीआईजी और कलेक्टर को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। मॉडल ने ट्विट कर जानकारी दी थी कि मैं अपनी एक्टिवा से जा रही थी, इसी दौरान दो युवकों ने मेरी स्कर्ट खींचने की कोशिश की और कहा कि दिखाओ इसके नीचे क्या है? उन्हें रोकने की कोशिश में मेरी गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और मैं हादसे का शिकार हो गई। एक अन्य ट्वीट में मॉडल ने लिखा कि यह सब इंदौर के एक व्यस्ततम मार्ग पर हुआ लेकिन किसी ने भी बदमाशों को रोकने की कोशिश नहीं की। वे भाग निकले। हड़बड़ाहट के कारण मैं भी बदमाशों की बाइक का नंबर नहीं देख सकी। मॉडल ने कहा कि यह सब व्यस्ततम मार्ग पर हुआ, यदि यह सब कुछ किसी सुनसान सड़क पर हुआ होता तो क्या होता? इस घटना के बाद अधिकारियों ने क्षेत्र के कैमरों के फुटेज चेक किए। मॉडल से छेड़छाड़ करने वाले युवकों के फोटो मिल गए हैं। फोटो के आधार पर युवकों की तलाश की जा रही है। इस घटना के अगले ही दिन शहर में पांच अलग-अलग क्षेत्रों में महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आईं। इन सभी मामलों में महिलाओं ने थानों में शिकायतें दर्ज कराई हैं।