महानगर विकास परिषद द्वारा शहर में सफाई अभियान शुरू

इंदौर। महानगर विकास परिषद द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों में विशेष सफाई अभियान शुक्रवार से प्रारंभ किया गया। पहले दिन 24 से अधिक विद्यालयों में बच्चों के साथ परिषद के कार्यकर्ताओं ने स्कूलों की सफाई कर बच्चों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। 
संस्था द्वारा 15 अक्टूबर को अहिल्या प्रतिमा तथा कृष्णपुरा छत्रियों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। 17 अक्टूबर धनतेरस पर लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन के नेतृत्व में शहर के सभी प्रमुख धर्मस्थलों पर वृहद सफाई अभियान चलाया जाएगा। महानगर विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक डागा, सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि संस्था द्वारा इस वर्ष भाजपा महिला मोर्चा व वैश्य महासम्मेलन के साथ मिलकर सफाई अभियान तीन चरणों में चलाया जा रहा है। पहले चरण में शासकीय विद्यालयों में सफाई अभियान शुरू किया गया है। मुख्य रूप से शासकीय उन्नत माध्यमिक विधालय, महावर नगर, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल नंबर 6, शासकीय विधालय बिचौली मर्दाना, बाल विनय मंदिर पार्क रोड सहित 24 विद्यालयों में अभियान चलाया गया। महावर नगर में पार्षद विनीता धर्म, प्रकाश पारवानी सहित प्राचार्य बाबूलाल मालवीय, भारतीय ग्रामीण महिला संघ की तरूणा होलकर, महेंद्र खंडेलवाल आदि उपस्थित थे। बच्चों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें हाथ धोने का तरीका भी समझाया गया। 14 अक्टूबर को 80 से अधिक विद्यालयों में अभियान चलेगा। 15 अक्टूबर को सार्वजनिक स्थलों व 17 अक्टूबर को धर्मस्थलों पर अभियान चलेगा। मीडिया प्रभारी रामस्वरूप मूंदड़ा व मुख्य संयोजक अनिल भोजे ने बताया कि धर्मस्थलों के सफाई अभियान में गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष कृष्णमुरारी मोघे, महापौर मालिनी गौड़, आईडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी, भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा,  विधायक सुदर्शन गुप्ता, रमेश मेंदोला, उषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया सहित नगर की प्रमुख धार्मिक व सामाजिक संगठन भाग लेंगे। 14 अक्टूबर को शाम 5 बजे प्रेस क्लब में वृहद बैठक होगी। जिसमें अभियान को गति देने के संबंध में चर्चा की जाएगी।