एकात्म यात्रा को मुख्यमंत्री, धमार्चार्य और बुद्धिजीवी करेंगें संबोधित

इंदौर। एकात्म यात्रा 20 जनवरी को इंदौर पहुंचेगी। गांधी हॉल प्रांगण में शाम 6 बजे से मुख्य समारोह होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, धर्माचार्य और बुद्धिजीवी संबोधित करेंगे। यात्रा की तैयारियों के संबंध में सोमवार को डिविजनल कमिश्नर संजय दुबे ने बैठक का आयोजन किया। जिसमें कलेक्टर निशांत वरवड़े और निगमायुक्त मनीष सिंह भी मौजूद थे। कमिश्नर श्री दुबे ने कहा कि धर्माचार्यों और बुद्धिजीवियों के रहने के लिए इंदौर में व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश के कोने-कोने से धर्माचार्य और बुद्धिजीवी इंदौर पहुंचेंगे और 22 जनवरी को औंकारेश्वर में एकात्म यात्रा के मुख्य समारोह में भाग लेगें। उन्हें आश्रमों और धर्मशालाओं में ठहराया जाएगा। यात्रा के आगमन पर इंदौर शहर में कई उप यात्राएं भी निकाली जाएंगी। उप यात्राएं राजवाड़ा पर एकत्र होकर गांधी हॉल पहुंचेंगी। इस यात्रा में विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोग अलग-अलग वेशभूषा में शामिल होंगे। गांधी हॉल प्रांगण में बुद्धिजीवी, धर्माचार्यों और राजनेताओं के लिए अलग-अलग मंच बनाए जाएंगे। धर्माचार्यों और साधु-संतों को मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया जाएगा करीब 200 धर्माचार्यों के समारोह में शामिल होने की संभावना है। इन्हें बस या कार से 22 जनवरी को औंकारेश्वर ले जाया जाएगा। बैठक में बताया गया कि एकात्म यात्रा का उद्देश्य समाज व देश में एकता को सुदृढ़ करना है तथा आम जनता को यह बताना है कि आदि शंकराचार्य ने किस प्रकार राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए कार्य किए तथा उन्होंने भारत वर्ष के चारों कोनों में चार आश्रमों की स्थापना कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। उन्होंने औंकारेश्वर में लंबे समय तक तपस्या की। बैठक में अपर कलेक्टर कैलाश वानखेड़े, अजयदेव शर्मा तथा कीर्ति खुरासिया, अपर संचालक उच्च शिक्षा के.एन. चतुर्वेदी, जन अभियान परिषद के श्री रत्नाकर, एसडीएम बिहारी सिंह, एसडीएम शालिनी श्रीवास्तव आदि शामिल थे।