तरुण जत्रा में मुंबई के कलाकार देंगे लावणी की प्रस्तुति

इंदौर। शहर के पश्चिमी क्षेत्र के सबसे बड़े मराठी व्यंजनों एवं संस्कृति के तीन दिवसीय मेले तरुण जत्रा का आयोजन 2 से 4 फरवरी तक अन्नपूर्णा रोड स्थित दशहरा मैदान पर किया जा रहा है जिसमें प्रतिदिन इंदौर की जनता को 50 से भी अधिक स्वादिष्ट और शुद्ध मराठी व्यंजनों का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। साथ ही मुंबई के मशहूर कलारंजन समूह के कलाकारों द्वारा लावणी नृत्य की आकर्षक मंचीय प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। 
महान योद्धा श्रीमंत बाजीराव पेशवा  के जीवन चरित्र पर आधारित  महानाट्य का मंचन तरुण मंच के कलाकारों द्वारा किया जाएगा।  महिलाओं के लिए झी मराठी के लोकप्रिय सीरियल होम मिनिस्टर की तर्ज पर पैठणी का महा संग्राम कार्यक्रम भी आयोजित किया गया है जिसमें भाग लेने पर महिलाओं को पैठणी साड़ी जीतने का अवसर मिलेगा। मेले में आकर्षक मराठी वेशभूषा धारण कर आने वालों के लिए प्रतिदिन विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। इस वर्ष तरुण मंच के युवाओं द्वारा भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान में हो रही प्रगति को दर्शाने वाली चित्रों की प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है। 
जत्रा संयोजक धर्मेंद्र उर्ध्वरेषे एवं प्रशांत बडवे ने बताया कि तरुण जत्रा के आयोजन का यह 13वां वर्ष है। हीरक जयंती रहवासी संघ, महाराष्ट्र समाज राजेन्द्र नगर परिसर एवं तरुण मंच द्वारा संयुक्त रुप से मराठी साहित्य अकादमी (म.प्र. शासन) के सहयोग से यह आयोजन किया जा रहा है। तरुण जत्रा में मराठी व्यंजनों के स्टॉल लगाने हेतु इस वर्ष इंदौर के अलावा पुणे और उज्जैन से भी घरेलू महिलाएं आ रही हैं। परंपरागत मराठी व्यंजनों के साथ ही पुणे की प्रसिद्ध आलू बडी, खरवट जैसे मराठी खाद्य पदार्थ भी रहेंगे। उकरपेंडी, भरडा वडा, कोथिंबीर वडी, भरली वांगी, भाकर  जैसे नमकीन और चिरोटे, होळ्याची करंजी, अनारसे, बासुंदी, गुड़ की जिलबी जैसे मीठे मराठी व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा। प्रतिदिन शाम को भव्य मंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की  प्रस्तुतियां होंगी। 2 फरवरी की शाम को स्थानीय विद्यालयों और रहवासी क्षेत्रों के समूहों के 350 से भी अधिक कलाकारों  द्वारा भारतीय लोकनृत्य और संगीत की  प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 3 फरवरी की शाम को मुंबई के प्रसिद्ध कलारंजन समूह के कलाकारों द्वारा उदय साटम के निर्देशन में लावणी नृत्य की प्रस्तुति होगी। इन कलाकारों में लावणी सम्राज्ञी वर्षा संगमनेरकर और मराठी फिल्मों की अभिनेत्री देवयानी चंदगडकर भी शामिल हैं। 4 फरवरी को शाम 4 बजे झी मराठी  और सोनी टीवी के कलाकार व एंकर आशीष वड्डे पैठणी का महासंग्राम पेश करेंगे। शाम 7.30 बजे से श्याम खोडके के निर्देशन व राजन देशमुख के मार्गदर्शन में श्रीमंत बाजीराव पेशवा महानाट्य का मंचन होगा जिसे श्रीमती वैशाली पिंगले ने लिखा है और सुनील मतकर ने संपादित किया है। तरुण मंच के 50 से भी अधिक कलाकार इसे मंच पर भव्य रुप में  प्रस्तुत करेंगे।  तरुण जत्रा के अन्य प्रमुख आकर्षण होंगे खरीदारी हेतु सुसज्जित ट्रेड झोन जिसमें विभिन्न वस्तुओं एवं उत्पादों के 75 स्टॉल्स होंगे। किड्स झोन भी होगा जिसमें बच्चे विभिन्न मनोरंजक खेलों के साथ-साथ घोड़े व ऊंट की सवारी का आनंद भी ले सकेंगे। 
0000000000000000000000000