भाजपा नेता व कार्यकर्ता घर-घर पहुंचेंगे

इंदौर। भाजपा चुनावी तैयारियों के लिए 11 से 18 फरवरी तक कार्यकर्ताओं और नेताओं को मैदान में उतारेगी। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश लूणावत ने कहा है कि हर घर तक कार्यकर्ता और नेता पहुंचेंगे। लोगों से संवाद स्थापित करेंगे और केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देंगे। 
श्री लूणावत ने भाजपा कार्यालय पर इंदौर संभाग के सभी जिलों के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन कार्य विस्तार योजना के महासंपर्क अभियान का द्वितीय चरण 11 फरवरी को पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि से प्रारंभ होकर 18 फरवरी तक चलेगा। 11 फरवरी से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता घर-घर दस्तक देंगे।  संपर्क के साथ-साथ संवाद और परस्पर सहभागिता से पार्टी के इस अभियान को पूर्ण करें। कार्य विस्तार की दृष्टि से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ना है। हजारों कार्यकर्ताओं के संयोजन के साथ इस व्यापक अभियान को मूर्तरूप दें। अब तक को यह सबसे बड़ा और व्यापक जनसंवाद का उदाहरण बने, ऐसा प्रयास करें। मुख्य रूप से भाजपा सरकार के विकास कार्यों और भाजपा संगठन के विचारों के माध्यम से आम जनता को संगठन से जोड़ने का कार्य किया जाए। आई.टी. और सोशल मीडिया के क्षेत्र में भी युवाओं को साथ-साथ जोड़ते हुए कार्य करें। 
श्री लूणावत ने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय अल्पकालीन कार्य विस्तार योजना में पार्टी के अल्पकालीन विस्तारक बूथ स्तर तक पहुंचकर संपर्क और संवाद करेंगे। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक के साथ ही रचनात्मक कार्य, पौधारापण, पर्यावरण, जैविक खेती, गौ संरक्षण एवं स्वसहायता समूह से चलने वाले कार्य आदि के लिए प्रोत्साहित करेंगे। सरकार की उपलब्धियों को लेकर भी विस्तारक घर-घर संपर्क करेंगे। 
संभागीय संगठन मंत्री जयपालसिंह चावड़ा ने बताया कि संगठन ने जिलास्तर पर व्यापक कार्ययोजना बनाई है। इंदौर संभाग के 9 जिलों में 11 हजार 118 मतदान केंद्रों पर संगठनात्मक सरंचना तैयार कर ली गई है। 1 से 3 फरवरी के बीच जिलास्तरीय बैठकें होंगी। वरिष्ठ भाजपा नेता विक्रम वर्मा ने कहा कि संगठनात्मक दृष्टि से यह प्रदेश का सबसे बड़ा जनसंपर्क अभियान सिद्ध होगा। जनता के बीच जनता से संवाद का अनूठा आयोजन कार्यकर्ता पूर्ण करेंगे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुदर्शन गुप्ता, प्रदेश मंत्री कविता पाटीदार, प्रवक्ता उमेश शर्मा, नागरसिंह चौहान, लघु उद्योग विकास निगम के अध्यक्ष बाबूसिंह रघुवंशी, विधायक महेन्द्र हार्डिया, मनोज पटेल, विकास प्राधिकरण अध्यक्ष शंकर लालवानी, संभागीय मीडिया प्रभारी आलोक दुबे, संभाग के सभी जिलों के अध्यक्ष उपस्थित थे।