तरुण जत्रा का रंगारंग शुभारंभ

इंदौर। हीरक जयंती रहवासी संघ, महाराष्ट्र समाज राजेन्द्र नगर परिसर एवं तरुण मंच द्वारा संयुक्त रुप से मराठी साहित्य अकादमी (मप्र शासन) के सहयोग से  आयोजित मराठी व्यंजनों एवं संस्कृति के तीन दिवसीय मेले तरुण जत्रा का रंगारंग शुभारम्भ दशहरा मैदान पर वित्त मंत्री जयंत मलैया ने किया। महापौर मालिनी गौड़, कलेक्टर निशांत वरवडे एवं पूर्व हॉकी ओलिंपियन खिलाड़ी तुषार खंडकर ने किया। 
पहले ही दिन मेले में 50 से भी अधिक स्वादिष्ट और शुद्ध मराठी व्यंजनों का आनंद लेने बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। खानदेशी पात्रे, पुणे की प्रसिद्ध अरबी के पत्तों से बनने वाली वडी, पातोडी रस्सा, सांभर वडी, पोहा वडा जैसे नए व्यंजनों को टेस्ट करने की लोगों में अधिक उत्सुकता थी। वहीं परंपरागत व्यंजन झुणका भाकर, कोथिंबीर वडी, भरली वांगी भाकर, भरीत गाकर जैसे नमकीन और तीखे स्वाद वाले आयटम भी काफी पसंद किए गए। मीठे व्यंजनों में बासुंदी और गुड़ की जिलेबी का स्वाद लेना भी लोग नहीं भूले। ट्रेड झोन में आकर्षक डिस्कॉउंट के साथ विभिन्न उत्पादों की खरीदारी का फायदा भी लोगों ने जमकर उठाया । 
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 33 समूहों के 350 से भी अधिक कलाकारों ने भव्य मंच पर समूह नृत्य और संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों और पारंपरिक लोकनृत्यों की प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। पंचम निषाद संस्था की महिषासुर मर्दिनी और मधुराष्टक की प्रस्तुतियों ने विशेष ध्यान आकर्षित किया। दिव्यांग बच्चों की संस्था श्री उत्कर्ष सेवा समिति और अनुभूति विजन के दिव्यांग बच्चों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। लगातार तीन घंटे से भी अधिक समय तक मंचीय प्रस्तुतियां जारी रहीं।
तरुण जत्रा में 3 फरवरी की शाम को मुंबई के प्रसिद्ध कलारंजन समूह के 15 कलाकारों द्वारा उदय साटम के निर्देशन में लावणी नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी। इस समूह के साथ लावणी सम्राज्ञी वर्षा संगमनेरकर और मराठी फिल्मों की अभिनेत्री देवयानी चंदगडकर भी लावणी नृत्य प्रस्तुत करने इंदौर आ रही हैं।