महापौर के फोटो फाड़े

इंदौर। स्वच्छता में नंबर वन शहर दूसरी बार भी यह खिताब पाने के लिए प्रयासरत है। तरह-तरह के जतन किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत शहर में लगाए गए होर्डिंग्स पर महापौर के फोटो बीती रात किसी ने फाड़ दिए। अब निगम अधिकारी फोटो फाड़ने वालों की खोजबीन में जुटे हैं। 
राजमोहल्ला चौराहा, मालगंज चौराहा, संजय सेतू के समीप, जेलरोड, गांधी हॉल व कई अन्य स्थानों पर महापौर मालिनी गौड़ के फोटो सोमवार सुबह फटे मिले। इसके बाद नगर निगम के वायरलेस सेट पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश सुनाई देने लगे। थोड़ी ही देर में पता चला कि एक नहीं बल्कि कई स्थानों पर फोटो फाड़े गए हैं। फोटो फाड़ने को अधिकारीगण राजनीति से जुड़े मामले की रूप में देख रहे हैं। भाजपा नेताओं ने भी इसे राजनीति से जुड़ा मामला ही बताया है। इन होर्डिंग्स पर स्वच्छता सर्वेक्षण में फीडबेक देने की अपील की गई है। होर्डिंग्स बड़े आकार के हैं और उस पर केवल महापौर के फोटो को ही फाड़ा गया है। फोटो को छोड़ कर पूरे होर्डिंग्स सुरक्षित हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने इसे गंभीर मामला माना है। उनका कहना है कि चौराहों पर लगे कैमरों के फुटेज देख कर वे उन लोगों का पता लगा लेंगे जिन्होंने यह कृत्य किया है। उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं भाजपा में राजनीति गरमाई हुई है। महापौर से जुड़े नेतागण इसे राजनीतिक मामला बता रहे हैं। उनके शक की सुई कई दिशा में घूम रही है। उनके शक के घेरे में अपने भी हैं और पराए भी। फिलहाल वे किसी का भी नाम लेने से बच रहे हैं लेकिन यह जरूर कह रहे हैं जिसने भी यह सब किया है उसका चेहरा सामने जरूर लाएंगे।