बुलेट पर निकली महिलाएं

इंदौर। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर सोमवार को मराठी परिवेश में सजी महिलाएं जब बुलेट चलाती हुई निकलीं तो सड़क पर अलग ही नजारा था। रैली को देखने के लिए लोग रुक गए। छत्रपति शिवाजी जयंती महोत्सव समिति और सर्व मराठी भाषी संघ के बैनर तले वाहन रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं और महिलाओं ने हिस्सा लिया। परदेशीपुरा कनकेश्वरी धाम से प्रारंभ हुई रैली में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं महाराष्ट्रीयन वेशभूषा और विशेष श्रृंगार के साथ वाहनों पर सवार होकर निकलीं। रैली में महिलाओं ने बुलेट की सवारी कर रैली की अगुवाई की।

वाहन रैली में सबसे आगे महिलाओं का जत्था चल रहा था। इस दौरान महिलाएं रैली मार्ग पर जय भवानी जय शिवाजी का नारा लगा रही थीं। इसके बाद वाहनों पर सवार युवक रैली में शामिल थे। पाटनीपुरा, जंजीरवाला चौराहा, मधुमिलन चौराहा होते हुए रैली शिवाजी वाटिका पहुंच कर समाप्त हुई।
शिवाजी जयंती महोत्सव में तीन दिवसीय रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। 23 फरवरी को पुणे की टीम द्वारा लावणी लोक नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। 21 को महाराष्ट्र की लोक धारा पर आधारित कार्यक्रम और 25 फरवरी को छत्रपति शिवाजी महाराज पर आधारित मराठी नाट्य का मंचन किया जाएगा। इसके अलावा तीन दिवसीय उत्सव के तहत मराठी फूड फेस्टिवल जत्रा और मराठी वारसा फेस्टिवल का आयोजन मदन महल गार्डन स्थित मां कनकेश्वरी धाम में किया जाएगा। मराठी सोशल ग्रुप द्वारा आयोजित शिवाजी जयंती पर बड़ी संख्या में महिला और पुरुष मराठी परिवेश में निकले। इस दौरान लड़कियों ने तलवार घुमाकर प्रदर्शन किया। कई युवा होलकर पगड़ी बांधे घोड़े पर सवार होकर रैली में शामिल हुए। यात्रा फूटी कोठी से निकली और रणजीत हनुमान मंदिर पर समाप्त हुई।