धनतेरस पर धर्मस्थलों की सफाई में जुटा शहर

इंदौर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि स्वच्छता अभियान किसी दल अथवा शहर का नहीं है। लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन आह्वान पर अपने घरों, दुकानों, ऐतिहासिक स्थलों और धर्मस्थलों की सफाई कर इंदौरवासियों ने यह बता दिया कि इंदौर पूरे देश में अव्वल क्यों है।
श्री चौहान धनतेरस की सुबह खजराना गणेश मंदिर में महानगर विकास परिषद द्वारा आयोजित धर्मस्थलों की सफाई महाअभियान के शुभारंभ अवसर पर नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंदौर के लोगों के इस समर्पण से ही आज इंदौर सफाई के मामले में देश को लीड कर रहा है। आयोजकों को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि आप मुझे इस कार्यक्रम की रूपरेखा भेजें, इसे मैं पूरे प्रदेश में शुरू कराऊंगा। 
कार्यक्रम में भाजपा के नगर अध्यक्ष कैलाश शर्मा, महामंत्री गणेश गोयल व विधायक महेंद्र हार्डिया भी मौजूद थे। अतिथियों का स्वागत महानगर विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक डागा, राजेश अग्रवाल, रामस्वरूप मूंदड़ा, अरविंद उपाध्याय आदि ने किया। वरिष्ठ भाजपा नेता कृष्णमुरारी मोघे, आईडीए अध्यक्ष शंकर लालवानी, महिला मोर्चे की अध्यक्ष पद्मा भोजे, सभापति अजयसिंह नरूका सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
मुलतानी मस्जिद पहुंचे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष
कृष्णमुरारी मोघे के आग्रह पर प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान खजराना मंदिर से मुलतानी मस्जिद पहुंचे। वहां उन्होंने सफाई अभियान को गति दी। खजराना गणेश मंदिर के बाद महानगर विकास परिषद के कार्यकर्ता महालक्ष्मी मंदिर राजवाड़ा पहुंचे। यहाँ महापौर मालिनी गौड़, पद्मश्री जनक पलटा, भालू मोंढे और किन्नर समुदाय भी मौजूद था। सर्वप्रथम महापौर, किन्नर गुरू पायल व अशोक डागा ने देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा महालक्ष्मी मंदिर में पूजा कर सफाई अभियान की शुरूआत की। महापौर ने कहा कि जहाँ सफाई होती है वहीं लक्ष्मी का वास होता है। इसलिए आज धनतेरस के शुभ दिन यह काम करने की जो प्रेरणा ताई ने दी है इंदौरवासियों को इससे जुड़ना चाहिए। किन्नर समाज की मुखिया पायल गुरू के साथ 30 से अधिक किन्नर इस अभियान से जुड़ने पहुंचे थे। पायल गुरू ने कहा कि सफाई में प्रथम आने के बाद अब जरूरत इंदौर को सेहत के मामले में अव्वल लाने की है। किन्नर समुदाय जिस घर भी नेग मांगने जाएगा वहां स्वच्छता का संदेश देगा। राजवाड़ा से महापौर रणजीत हनुमान मंदिर पहुंचीं। इस बीच ताई ने महापौर मालिनी गौड़ से फोन पर अभियान की जानकारी ली और बताया कि रुस से लौटने में उन्हें विलंब हो गया है। वे शाम तक अभियान में शामिल होंगी। उन्होंने महापौर से कहा कि वे अधिक से अधिक धर्मस्थलों पर पहुंच कर अभियान प्रारंभ कराएं। 
क्षेत्र क्रमांक दो में 114 धर्मस्थलों की सफाई 
महापौर ने क्षेत्र क्रमांक दो में भी सफाई अभियान में उपस्थिति दर्ज कराई। वे गौरीनगर स्थित शिव मंदिर पहुंचीं। वहां बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं। सभी ने मिल कर मंदिर की सफाई की। इसके बाद महापौर निरंजनपुर गुरुद्वारा पहुंची। पार्षद मुन्नालाल यादव सहित बड़ी संख्या में मौजूद सिख समुदाय के लोगों ने उनका स्वागत किया। गुरूद्वारा में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। क्षेत्र क्रमांक 1 में 78 धर्मस्थलों पर विधायक सुदर्शन गुप्ता के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। महिला मोर्चा ने 186 धर्मस्थलों की सफाई की। वैश्य महासम्मेलन ने 101 स्थानों पर अभियान चलाया। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 में 54 से अधिक धर्मस्थलों पर सफाई की गई। रिंकू भाटिया के नेतृत्व में सिख समाज ने एमजी रोड गुरुद्वारा की सफाई की। क्षेत्र क्रमांक 4 में 78 और क्षेत्र क्रमांक 5 में 68 स्थानों पर अभियान चलाया गया।