सांईनाथ फोर्ड का आईटी मैनेजर गिरफ्तार

इंदौर। सांघी फोर्ड के वेबपोर्टल को अवैध तरीके से खोल कर उससे जानकारियां चुराने के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह आरोपी इंदौर में ही स्थित फोर्ड के दूसरे डीलर राजपाल आॅटोलिंक प्राइवेट लिमिटेड (सांईनाथ फोर्ड) का आईटी मैनेजर है। राज्य साइबर सेल इंदौर के एसपी जितेंद्रसिंह के अनुसार 17 अगस्त को सांघी फोर्ड के निदेशक रोहित सांघी ने साइबर सेल में शिकायत की थी कि उनकी फोर्ड डीलरशिप के वेब क्यूसी-एस पोर्टल पर आरसांघी के नाम के उनके अकाउंट को पिछले कई माह से कोई व्यक्ति अवैध रूप से खोल रहा है। इस अकाउंट से जानकारियां हासिल कर उनका उपयोग किया जा रहा है। एसपी सिंह ने इस मामले की जांच साइबर सेल के प्रधान आरक्षक रामप्रकाश वाजपेयी को सौंपी। जांच के दौरान क्यूसी-एस पोर्टल के अमेरिका स्थित सर्वर से जानकारी हासिल की गई। जिससे पता चला कि रोहित सांघी का उक्त अकाउंट राजपाल आॅटोलिंक प्राईवेट लिमिटेड (सांईनाथ फोर्ड) इंदौर से खोला गया था। यह संस्थान भी फोर्ड का डीलर है। जांच के बाद गुरुवार को सांईनाथ फोर्ड के आईटी मैनेजर अर्जुन नरवरिया पिता ओमप्रकाश नरवरिया (27) निवासी फत्तनखेड़ी कस्तूरबा ग्राम को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि कंपनी के सेल्स मैनेजर लावण्य चौरे का लेपटॉप लेकर आरसांघी की यूजर आईडी को 13 अगस्त को उसने ही लॉग इन किया था। आरोपी आईटी मैनेजर नरवरिया को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।