तरुण जत्रा का आयोजन 2 फरवरी से

इंदौर। शहर के पश्चिमी क्षेत्र के सबसे बड़े मराठी व्यंजनों एवं संस्कृति के तीन दिवसीय मेले तरुण जत्रा का आयोजन 2-से 4 फरवरी तक अन्नपूर्णा रोड स्थित दशहरा मैदान पर किया जा जाएगा। जिसमें लोगों को प्रतिदिन 50 से भी अधिक मराठी व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ ही महाराष्ट्र के परंपरागत लोकनृत्य लावणी, गोंध, भारुड, जोगवा की आकर्षक प्रस्तुतियां देखने का अवसर मिलेगा। 
महान योद्धा श्रीमंत बाजीराव पेशवा के जीवन चरित्र पर आधारित महानाट्य का मंचन भी तरुण मंच के कलाकारों द्वारा किया जाएगा। संयोजक धर्मेंद्र उर्ध्वरेषे एवं प्रशांत बडवे ने बताया कि तरुण जत्रा का आयोजन हीरक जयंती रहवासी संघ, महाराष्ट्र समाज राजेन्द्र नगर परिसर एवं युवाओं की सक्रिय संस्था तरुण मंच और क्षेत्र के विभिन्न रहवासी संघों व सामाजिक संस्थाओं द्वारा संयुक्त रुप से किया जा रहा है। आयोजन का यह 13वां वर्ष है। इस वर्ष के आयोजन में मराठी साहित्य अकादमी (म.प्र. शासन) भोपाल का विशेष सहयोग रहेगा। 
तरुण जत्रा में परंपरागत मराठी व्यंजन के स्टॉल तो होंगे ही वहीं उकरपेंडी, भरडा वडा, कोथिंबीर वडी जैसे नमकीन और चिरोटे, होळ्याची करंजी, अनारसे जैसे मीठे  मराठी व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा। प्रतिदिन शाम को विभिन्न मंचीय प्रस्तुतियां भी होंगी जिसका मुख्य आधार महाराष्ट्र के लोकनृत्य होंगे। 
2 फरवरी की शाम को स्थानीय विद्यालयों और रहवासी क्षेत्रों के बालकों द्वारा आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। 3 फरवरी की शाम को महान योद्धा श्रीमंत बाजीराव पेशवा  महानाट्य का मंचन होगा जिसे वैशाली पिंगले ने लिखा है और शहर के ख्यात नाट्यकर्मी राजन देशमुख व श्याम खोडके निर्देशन कर रहे हैं। तरुण मंच के 70 से भी अधिक कलाकार इसे मंच पर भव्य रुप में  प्रस्तुत करेंगे।  
तरुण जत्रा के अंतिम दिन 4 फरवरी को महाराष्ट्र के प्रसिद्ध नृत्य समूह द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। 15 से भी अधिक कलाकार महाराष्ट्र के विभिन्न परंपरागत नृत्य लावणी, कोली नृत्य, नांदी, गोंधळ, भारुड की प्रस्तुतियां देंगे। अन्य प्रमुख आकर्षण होंगे खरीदारी हेतु सुसज्जित ट्रेड झोन जिसमें विभिन्न वस्तुओं एवं उत्पादों के 75 स्टॉल होंगे एवं किड्स झोन भी होगा। जिसमें बच्चे विभिन्न मनोरंजक खेलों के साथ-साथ घोड़े व ऊंट की सवारी का आनंद भी ले सकेंगे।