जयराम ठाकुर होंगे अगले सीएम

शिमला। भाजपा ने पांच बार से विधायक रहे जयराम ठाकुर को हिमाचल प्रदेश विधायक दल का नेता चुना। वे प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। नाम की घोषणा के बाद जयराम ठाकुर ने पार्टी नेताओं को धन्यवाद दिया और वादा किया कि वे लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने का हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि अब राज्य कांग्रेस मुक्त हो चुका है। ऐसा पहली बार है जब मंडी जिले से कोई नेता प्रदेश का मुख्यमंत्री बनेगा। ठाकुर के नाम का ऐलान पार्टी पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमन और नरेन्द्र सिंह तोमर के साथ ही भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य और आरएसएस नेताओं के बीच गहन विचार विमर्श के बाद किया गया। सीएम पद के लिए जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री जेपी नड्डा और विधायक सुरेश भारद्वाज के नामों पर विचार किया जा रहा था। विधायक दल की बैठक के बाद ठाकुर को प्रेम कुमार धूमल, जेपी नड्डा, शांता कुमार ने बधाई दी। केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने ठाकुर का नाम विधायक दल के नेता के लिऋ प्रस्तावित किया। प्रस्ताव का शांता कुमार और जेपी नड्डा ने समर्थन किया।