फोन पर बात करते-करते सांपों के जोड़े पर जा बैठी

लखनऊ। उत्तरप्रदेश के गोरखपुर में हुई एक घटना पूरे राज्य में चर्चा का विषय बन गई है। गोरखपुर निवासी एक महिला पति से मोबाइल फोन पर बात करते-करते सांप के जोड़े पर जा बैठी। वह संभल पाती तब तक सांप ने उसे काट लिया। जहर के असर से कुछ ही देर बाद महिला ने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार घटना गोरखपुर के रियांव गांव की है। मृत महिला का नाम गीता यादव है। उसके पति जयसिंह यादव थाइलैंड में नौकरी करते हैं। गीता पति से मोबाइल पर बात कर रही थी और बात करते-करते वह घर में रखे पलंग पर जा बैठी। पलंग पर काफी देर से सांप का जोड़ा बैठा हुआ था लेकिन गीता का ध्यान सांपों पर इसलिए नहीं जा पाया क्योंकि पलंग पर बिछी प्रिंटेड बेडशीट की डिजाइन के कारण दोनों सांप स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे थे। गीता जैसे ही सांपों पर बैठी उसे अपनी गलती का अहसास हो गया। वह संभल पाती तब तक एक सांप ने उसे काट लिया। वह तुरंत दौड़ कर बाहर गई और शोर मचा कर पड़ोसियों को जानकारी दी कि उसे सांप ने काट लिया है। आसपास के लोग तुरंत उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां कुछ ही देर बाद वह बेहोश हो गई और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल से गीता का शव लेकर लौटे लोगों ने उसके घर में सांपों को तलाश किया। उस समय भी सांपों का जोड़ा पलंग पर ही मौजूद मिला। गुस्साए लोगों ने लाठियों से पीट-पीट कर दोनों सांपों को मार डाला। गीता का पूरा परिवार इस घटना से सदमे में है।