फ्रेंड्स आॅफ एमपी समिट 3 जनवरी से

इंदौर। इंदौर में दो दिनी फ्रेंड्स आॅफ एमपी समिट आज 3 जनवरी से शुरू हो रही है। दो दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समिट में दोनों दिन मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान उपस्थित रहेंगे।
समिट के मुख्य कार्यक्रम होटल मेरियट के हॉल में आयोजित होंगे। पहले दिन 3 जनवरी को अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। शाम 4 से 6 बजे के बीच प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अतिथियों की बैठक होगी। शाम 6.30 से 7.30 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसमें मुख्य रूप से म्यूजिकल बैंड की प्रस्तुति होगी। शाम 7.30 से अतिथियों के साथ डिनर होगा। रात्रि 9 बजे राजवाड़ा में लाइट एंड शो होगा। इसके बाद सराफा में चाट-चौपाटी पर अतिथिगण इंदौर के प्रसिद्ध व्यंजनों का लुत्फ ले सकेंगे।
समिट के दूसरे दिन 4 जनवरी को मुख्य कार्यक्रमों की शुरूआत प्रात: 9.30 बजे होगी। 9.45 से 10.15 बजे तक मुख्य सचिव बसंतप्रताप सिंह संबोधित करेंगे। इसके बाद चयनित अतिथियों का अभिनंदन किया जाएगा। 10.45 से 11.25 बजे तक मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान संबोधित करेंगे।
प्रथम सत्र दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगा। यह सत्र ‘एमपी मीट्स एमपी’ विषय पर आधारित होगा, जिसमें वक्ताओं द्वारा व्यक्तिगत उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से प्रारंभ होगा। विषय होगा- डेवलपमेंट गोल आॅफ एमपी-2022। मुख्य सचिव बसंतप्रताप सिंह मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव विवेक अग्रवाल प्रेजेंटेशन देंगे। तीसरा सत्र 3.30 बजे से शुरू होगा। जिसमेंं मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव एसके मिश्रा ‘रोल आॅफ फ्रेंड्स आॅफ एमपी इन डेवलपमेंट आॅफ मध्यप्रदेश’ विषय पर प्रेजेंटेशन देंगे। शाम 5 बजे उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल की अध्यक्षता में कार्यक्रम का समापन होगा।
समिट में ऐसे आगंतुकों का सम्मान भी किया जाएगा, जिन्होंने मप्र का नाम देश व दुनिया में गौरवान्वित किया है। इनमें सतिंदरसिंह रेखी, जितेन्द्र मुछाल, राजेश अग्रवाल, जीएस सरीन, सीपी गुरनानी, अनुराग असाटी, सुनील नायक शामिल हैं।