महंगी पड़ी तेंदुए के साथ सेल्फी

उदयपुर। सेल्फी के क्रेज में दो युवकों का मौत से सामना हो गया। राजस्थान में उदयपुर में सड़क किनारे घायल तेंदुआ पड़ा था। तभी वहां से गुजर रहे बाइक सवार दो युवकों में से एक की नजर उस पर पड़ी। उसने बाइक रुकवाई और तेंदुए के साथ सेल्फी लेने लगा। घायल तेंदुए को यह रास नहीं आया और उसने युवक को दबोच लिया। युवक को मौत सामने दिखाई देने लगी। वह सहायता के लिए चिल्लाया तो साथ भी मौत को सामने देख कर घबरा गया और बाइक से भाग निकला। इस कोशिश में वह भी गिर पड़ा और घायल हो गया। जैसे-तैसे वह उठा और फिर बाइक पर सवार होकर कुछ दूरी पर स्थित गांव में पहुंचा। वहां उसने शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद मांगी। लाठियां लेकर शोर मचाते हुए ग्रामीण सड़क पर आए। शोर सुन कर तेंदुआ युवक को छोड़ कर जंगल की ओर भाग गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान सड़क पर करीब पौन घंटे तक ट्रैफिक रुका रहा। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचित किया और दोनों घायल युवकों को अस्पताल पहुंचाया। वन विभाग की टीम ने तेंदुए को तलाश किया। कुछ घंटों की मशक्कत के बाद घायल तेंदुए को पकड़ लिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को किसी वाहन ने पीछे से टक्कर मारी थी। इस कारण उसके कूल्हे की हड्डियां टूट गईं। यदि वह घायल नहीं होता तो जिस युवक को उसने दबोचा था उसका बचना मुश्किल था। वन विभाग द्वारा घायल तेंदुए को पिंजरे में रख कर उसका उपचार कराया जा रहा है।