नवविवाहिताओं को मिलेंगे स्मार्ट फोन

इंदौर। मुख्यमंत्री कन्यादान योजना तथा मुख्यमंत्री निकाह योजना के तहत अब विवाह करने वाली कन्याओं को स्मार्ट फोन भी दिये जाएंगे। स्मार्ट फोन के लिये शासन द्वारा 3 हजार रुपए की राशि उनके खाते में सीधे जमा की जायेगी। संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय बी.सी. जैन ने बताया कि विवाह योजना के तहत कुल 28 हजार रुपए प्रति कन्या के विवाह पर खर्च करने का प्रावधान है। इस राशि में से 3 हजार रुपए की राशि संबंधित स्थानीय निकाय को विवाह आयोजन के लिये दिये जाते हैं। साथ ही 3 हजार रुपए की राशि स्मार्ट फोन के लिये तथा 17 हजार रुपए की राशि कन्या के बैंक खाते में सीधे जमा की जाती है। इसके अलावा 5 हजार रुपए की विवाह सामग्री भी देने का प्रावधान है। इसमें पायजेब, बिछिया, मंगलसूत्र तथा बर्तन आदि दिये जा रहे हैं। इंदौर जिले में स्थानीय निकायों द्वारा लगातार समय-समय पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किये जा रहे हैं। 19 फरवरी को इंदौर जिले के देपालपुर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। जिसमें 66 कन्याओं के विवाह कराये जाएंगे। कलेक्टर निशान्त वरवड़े ने जिले के सभी स्थानीय निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि वे अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक विवाह समारोह आयोजित करायें ताकि इस योजना का अधिक से अधिक लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंच सके।