कर्नाटक : विधानसभा चुनाव की घोषणा

नई दिल्ली। कर्नाटक में विधानसभा की 224 सीटों के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। चीफ इलेक्शन कमिश्नर ओपी रावत के अनुसार पूरे राज्य में एक साथ 12 मई को मतदान होगा और 15 मई को रिजल्ट घोषित किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि वर्तमान में राज्य में कांग्रेस की सरकार है और सिद्धारमैया मुख्यमंत्री हैं। भाजपा यहां लिंगायत को अलग धर्म का दर्जा देने, भ्रष्टाचार और हिंदुत्व को मुख्य मुद्दा बना रही है जबकि कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की पिछली येदियुरप्पा सरकार की नाकामियां गिना रही है। पिछले चुनाव में कांग्रेस को 122, जेडीएस को 40, भाजपा को 40 और अन्य दलों को 22 सीटें मिली थीं। मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल 28 मई को पूरा हो रहा है। चुनाव में बहुमत हासिल करने के लिए 113 सीटों की जरुरत होगी। राज्य में 4.90 करोड़ वोटर्स हैं। चुनाव के लिए 17 अप्रैल से नॉमिनेशन दाखिल करने की शुरूआत होगी। चीफ इलेक्शन कमिश्नर श्री रावत ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी दी कि कर्नाटक में 56 हजार 696 बूथ बनाए जाएंगे। वर्ष 2013 में 52 हजार 34 बूथ बनाए गए थे। 450 से अधिक बूथों की कमान महिलाओं के हाथों में होगी। कर्नाटक में तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू हो गई है।