80 साल की मां को छोड़ भागा बेटा

मुजफ्फरपुर। शहर में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया। अनजान शहर में 80 साल की मां को लावारिस छोड़ कर बेटा भाग निकला। वृद्ध महिला को बेटे के इंतजार में रोते देख स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की और पुलिस को सूचना देकर उन्हें वृद्धाश्रम में पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार मामला माड़ीपुर पावर हाउस चौक के पास का है। वहां एक वृद्धा रिक्शा में बैठ कर रो रही थी। रिक्शा चालक भी चिंतित था लेकिन वह मदद नहीं कर पा रहा था। स्थानीय लोगों की भीड़ वहां एकत्र होने के बाद किसी ने सामाजिक कार्यकर्ता नुसरत जहां को सूचना दी। नुसरत वहां पहुंचीं और वृद्धा को संभाला। वृद्धा ने अपना नाम जहांआरा पति अब्दुल सत्तार बताया। उन्होंने बताया कि वे दरभंगा की रहने वाली हैं। बेटा मोहम्मद इरफान उर्फ बिट्टू के साथ वे मुजफ्फरपुर आई थीं। बेटे ने एक रिश्तेदार के घर चलने के लिए कहा और वह उनके साथ रिक्शा में बैठा। रास्ते में उसने रिक्शा रुकवाया और कहा कि वह मिठाई लेकर आता हूं। उसके बाद वह नहीं लौटा। रिक्शा चालक ने पुलिस को बताया कि वृद्धा के बेटे ने इमलीचट्टी स्थित सरकारी बस स्टैंड से माड़ीपुर पावर हाउस चौक स्थित चित्रगुप्तपुरी के लिए भाड़ा तय किया था। पावर हाउस चौक से चित्रगुप्तपुरी के लिए मुड़ते समय वृद्धा का बेटा बोला कि मिठाई लेकर आता हूं। वह रिक्शा से उतर गया। काफी इंतजार किया, लेकिन वह नहीं लौटा। इसके बाद रिक्शा चालक ने आसपास के लोगों को जानकारी दी। वृद्धा को उसी रिक्शा पर बैठाकर लोग थाने पहुंचे जहां उससे पूछताछ की गई। काजी मोहम्मदपुर के थाना प्रभारी ने बताया कि वृद्धा संपन्न परिवार की लगती हैं। बातचीत से पता चला है कि उन्हें क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी नहीं है। वे घर से बाहर कम ही निकली हैं, इस कारण वे ठीक से घर का पता भी नहीं बता पा रही हैं। फिलहाल उन्हें वृद्धाश्रम में भेजा गया है और उनके परिजनों की तलाश की जा रही है।