वीडियो वायरल : अब तक 9 लोगों की हत्या

कर्नाटक/तेलंगाना। दक्षिणी राज्यों तेलंगाना और कर्नाटक में सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियों के कारण कई लोगों का जीवन खतरे में पड़ गया है और कई लोग मारे भी जा चुके हैं। वीडियो में बताया गया था कि बच्चा चोर गिरोह सक्रिय है, अपने बच्चों को संभाल कर रखें। यह गिरोह बच्चों का अपहरण कर अपने साथ ले जाता है और उन्हें बेच देता है। वीडियो वायरल होने के बाद चारों ओर शक का वातावरण निर्मित हो गया। लोग एक-दूसरे पर शक कर रहे हैं। बच्चा चोर गिरोह का सदस्य समझ कर लोगों की भीड़ चाहे जिसकी पिटाई कर रही है। पिटाई के कारण अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 12 से अधिक लोग गंभीर हालत में अस्पतालों में भर्ती हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद हालत यह हो गई है कि लोग अपने क्षेत्र में किसी भी अजनबी के दिखाई देने पर उसे बच्चा चोर गैंग का सदस्य मान लेते हैं। भीड़ उसे घेर कर जमकर पीटती है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ज्यादा खराब हैं। भद्रादि-कोठागुदेम जिले के सरापाका में मानसिक रूप से बीमार एक महिला को पेड़ से बांधकर लोगों ने पीटा। पुलिस ने उसे बचाया। गुंटूर में गुरुवार को एक महिला को भीड़ ने पीट कर घायल कर दिया। अरमूर मंडल में एक हिंदी भाषी को और निजामाबाद में एक गूंगे व्यक्ति को लोगों ने बच्चा चोर समझ कर बुरी तरह पीटा। भीड़ द्वारा की जा रही पिटाई से दोनों राज्यों में 9 लोगों की मौत हो चुकी है तथा 12 से अधिक लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। मरने वालों में 65 वर्षीय महिला भी शामिल है। पिटाई करने वाले लोगों को पुलिस अब गिरफ्तार कर रही है और उनके विरुद्ध हत्या का केस दर्ज किया जा रहा है।