बॉयफ्रेंड के लिए 2 लड़कियों ने चुराए मोबाइल

मुंबई। कॉलेज में पढ़ रही दो लड़कियों ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मौज-मस्ती के लिए रुपए जुटाने का अनोखा तरीका निकाला। उन्होंने मुंबई की लोकल ट्रेनों में महिला कोच में मोबाइल चुराना शुरू कर दिया। इस तरीके से दोनों लड़कियों ने कुछ ही दिनों में 3 लाख रुपए से अधिक राशि जुटा ली और अपने बॉयफ्रेंड पर खर्च भी कर दी।
दोनों लड़कियों को हाल ही में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों ने पुलिस को जानकारी दी कि दोनों का एक ही कॉमन बॉयफ्रेंड है। रेलवे क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि पकड़ी गई लड़कियों के नाम ट्विंकल (20 वर्ष) और टीनल (19 वर्ष) हैं। दोनों का एक ही बॉयफ्रेंड है जिसका नाम ऋषि सिंह है। पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि ऋषि के साथ डेट पर जाने के दौरान उन्हें पैसों की कमी महसूस होती थी। इस कारण उन्होंने लोकल ट्रेनों में महिला कोच में मोबाइल चुराना शुरू किया। वे यह मोबाइल राहुल राजपुरोहित नामक युवक को बेचती थीं। राहुल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे 38 मोबाइल बरामद हुए हैं। राहुल का कहना है कि उसने उक्त दोनों युवतियों को 3 लाख से अधिक राशि देकर 38 मोबाइल खरीदे थे। पश्चिम रेलवे के डीसीपी पुरुषोत्तम कराड ने बताया बोरीवली से सांताक्रूज स्टेशनों के बीच मोबाइल चोरी की शिकायतें लगातार मिलने के बाद पुलिस टीम गठित की गई थी। इसी टीम ने लगातार निगाह रखने के बाद कुछ ही दिनों में दोनों लड़कियों को गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को 8 जून तक पुलिस रिमांड पर सौंपा है।