लौकी का जूस पीने से मौत

पुणे। पुणे में लौकी का जूस पीने के कुछ ही देर बाद 41 वर्षीय महिला की तबियत बिगड़ गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पहले तबियत में सुधार हुआ और फिर तेजी से स्वास्थ्य में गिरावट आने लगी। उपचार के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया।
महिला के परिजनों के अनुसार गत दिवस वह रोजाना की तरह सुबह घूमने गई थी। पांच किलोमीटर तक पैदल चलने के बाद वह घर पहुंची और घर में रखा लौकी का जूस पिया। कुछ देर बाद उसकी तबियत खराब होने लगी। उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर महिला आॅफिस नहीं गई। दोपहर में अचानक उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी तो परिजनों ने उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हॉस्पिटल पहुंचने के पहले ही वह बेहोश हो गई थी। हॉस्पिटल में उपचार के दौरान ही उसे दिल का दौरा पड़ा। डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा। दो दिनों तक वह वेंटिलेटर पर रही और हालत में कुछ सुधार दिखा। तीसरे दिन अचानक तबियत बिगड़ने लगी। डॉक्टरों ने बताया कि दिमाग में रक्तस्राव हो रहा है। बाद में शरीर के अंगों ने काम करना बंद कर दिया और कुछ ही घंटों में उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों के अनुसार लौकी का स्वाद यदि कड़वा हो जाए तो उसका जूस नहीं पीना चाहिए क्योंकि उसमें विषैले तत्व उत्पन्न हो जाते हैं। ऐसे जूस के सेवन से पूर्व में भी कई लोगों की मौत हो चुकी है