दो जिलों के एसपी सस्पेंड

लखनऊ। उत्तप्रदेश के दो जिलों में महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने दोनों जिलों के एसपी और कुछ अन्य पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई संभल जिले के एसपी मोहन भारद्वाज और प्रतापगढ़ के एसपी संतोष कुमार सिंह पर की गई है। उनके स्थान पर नए एसपी की नियुक्ति के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं।
संभल में एक महिला को गैंग रेप के बाद जिंदा जला दिया गया था जबकि प्रतापगढ़ में एक किशोरी ने छेड़खानी से परेशान होकर पेड़ पर फांसी लगा ली थी। दोनों ही मामलों में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगा है। संभल में गैंग रेप और हत्या के बाद स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने बगैर पीएम रिपोर्ट के ही यह बयान जारी कर दिया था कि महिला के साथ गैंग रेप नहीं हुआ था। इसके बाद क्षेत्र के लोग पुलिस के खिलाफ सड़कों पर आ गए थे। स्थिति को संभालने के लिए एडीजी को स्वयं वहां पहुंच कर दो दिनों तक रुकना पड़ा। चौकी प्रभारी और दो पुलिसकर्मियों को एडीजी ने सस्पेंड कर दिया। पुलिस ने पांच आरोपियों में से अब तक तीन को गिरफ्तार कर लिया है। दूसरी घटना प्रतापगढ़ के कुंडा थाना क्षेत्र की है जहां एक किशोरी ने छेड़खानी से परेशान होकर पेड़ पर फांसी लगा ली थी। किशोरी ने आत्महत्या के पहले पुलिस को कई बार शिकायत की थी लेकिन पुलिस अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। यहां एसओ और दो पुलिसर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।