आरक्षण आंदोलन की चपेट में औरंगाबाद

मुंबई। महाराष्ट्र का एक हिस्सा आरक्षण आंदोलन की चपेट में आ गया है। मराठा आरक्षण को लेकर प्रदर्शन के दौरान एक व्यक्ति की मौत के बाद आज मंगलवार को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया गया है। बंद का सबसे अधिक असर मराठवाड़ा इलाके में दिखाई दे रहा है। इस क्षेत्र में स्कूल और कॉलेज बंद हैं। औरंगाबाद में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गईं हैं। प्रदर्शनकारी सड़कों पर हैं।
उस्मानाबाद शहर में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। औरंगाबाद-पुणे मार्ग बंद है। यहां मराठा क्रांति मोर्चा समन्वय समिति के सदस्य प्रदर्शन कर रहे हैं। औरंगाबाद में बस सेवाएं बंद हैं। पंढरपुर में आयोजित धार्मिक यात्रा में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं की बस गत रात से लातूर बस स्टैंड पर रुकी हुई है। पुलिस ने बस चालक से कहा है कि वह अपनी जिम्मेदारी पर बस आगे ले जा सकता है। यात्रियों का कहना है कि हमारे पैसे भी नहीं लौटाए जा रहे हैं और बस भी रवाना नहीं हो रही है। औरंगाबाद में जल समाधि प्रदर्शन के दौरान गोदावरी में डूबने से एक प्रदर्शनकारी की मौत के बाद मृतक के परिवार को मुआवजा और भाई को नौकरी देने का वादा प्रशासन द्वारा किया गया है।