पत्नी सुंदर न दिखे इसलिए चेहरा खरोंच दिया


मुंबई। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी का चेहरा केवल इसलिए खुरच दिया क्योंकि वह सुंदर है। पति का कहना है कि पत्नी को लोगों की गंदी नजर से बचाने के लिए उसने ऐसा किया। पत्नी टीचर है। उसने थाने में पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। उधर पति को मुंबई पुलिस ने नाबालिग से रेप के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया है।
मुंबई पुलिस के अनुसार राज रायकवार नामक इस व्यक्ति का परिवार मध्यप्रदेश के जबलपुर में रहता है। उसने पूछताछ में बताया कि उसका विवाह 12 साल पहले हुआ था। उसके दो बच्चे हैं। पत्नी जबलपुर में टीचर है। पत्नी बहुत सुंदर है। उसे लोगों की गंदी नजरों से बचाने के लिए कुछ माह पूर्व उसने मच्छर मारने की क्वॉइल के स्टैंड से पत्नी का चेहरा खुरच दिया ताकि वह सुंदर न दिखाई दे। पत्नी ने इस मामले में जबलपुर थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज कराया है। राज मुंबई में ड्राइवर है और फिल्मों की शूटिंग के लिए कैमरे जिस वाहन में ले जाए जाते हैं उसे चलाता है। क्राइम ब्रांच के अनुसार राज रायकवार के विरुद्ध दो दिन पहले नौ वर्षीय बच्ची से रेप के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना मुंबई के सहार थाना क्षेत्र की है। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की तो जबलपुर की घटना के साथ ही मुंबई के गोरेगांव में भी छेड़छाड़ का केस दर्ज होने की जानकारी मिली।