सौतेली मां ने मासूम का रेप कराया

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में 9 साल की बच्ची की दुष्कर्म कर हत्या करने के मामले से लोग सदमे में हैं। बच्ची की हत्या बहुत बेरहमी से की गई। उसके सिर पर कुल्हाड़ी से वार किए गए। हत्या के बाद उसकी आंखें निकाली गईं और शरीर पर तेजाब डाला गया।
पुलिस के अनुसार इस मामले में बच्ची की सौतेली मां, सौतेले भाई सहित 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में सौतेली मां ने पुलिस को बताया कि उसका पति अपनी दूसरी पत्नी के साथ ज्यादा समय बिताता था और बच्ची को भी बहुत प्यार करता था। इस कारण वह बच्ची और उसकी मां से नफरत करती थी। पुलिस के अनुसार बच्ची उरी में रहने वाले बच्ची के पिता ने उसकी गुमशुदगी की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस ने तलाश किया तो शव जंगल में पड़ा मिला। पिता ने पुलिस को जानकारी दी कि उसकी दो पत्नियां हैं। एक पत्नी कश्मीर की है तथा दूसरी झारखंड की निवासी है। शक होने पर पुलिस ने बच्ची की सौतेली मां और उसके बेटे व अन्य कई लोगों से सख्ती से पूछताछ की। सौतेली मां ने कबूल किया कि उसने अपने पति को सबक सिखाने के लिए सौतेली बेटी के साथ इस वारदात को अंजाम दिया। उसने अपने 14 साल के बेटे व उसके तीन दोस्तों के साथ मिल कर प्लान बनाया। वह सौतेली बेटी को लेकर जंगल में गई और अपने बेटे व उसके दोस्तों के सुपुर्द कर दिया। उन्होंने नाबालिग बच्ची से रेप करने के बाद कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। उसकी आंखें निकाल दीं और शरीर पर तेजाब डाल दिया। इस पूरे कांड के दौरान बच्ची की सौतेली मां भी मौके पर मौजूद रही। हत्या के बाद लाश झाड़ियों में फेंक कर सभी आरोपी वहां से अपने घर चले आए।