अमेरिका से आई 5 युवतियां लापता

अमेरिका से आईं 5 युवतियां लापता
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बारिश से भारी तबाही हुई है। हजारों पर्यटक व स्थानीय लोग भी प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में फंसे हुए हैं। 5 विदेशी युवतियां भी लापता हैं। प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं।
बर्फबारी से केलांग से सरचू तक 70 बौद्ध भिक्षुओं सहित करीब 400 लोग फंसे हैं। चंद्रताल झील देखने गए आईआईटी मंडी के 5 छात्र और चंबा के होली में खेलकूद प्रतियोगिता में भाग लेने गए 816 छात्र-छात्राओं समेत 1200 लोग फंसे हैं। कुल्लू में रविवार बीती रात तक 1 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा चुका था। भारतीय वायु सेना ने दो जर्मन नागरिकों को लाहौल-स्पीति जिले के पिंगडम ला से आजा सुबह सरक्षित निकाला। वे दो दिनों से बर्फबारी में फंसे थे। रोहतांग और अन्य इलाकों में करीब 300 वाहन फंसे हैं। जिले के वामतट का बड़ा हिस्सा बह गया। राज्य में 150 सड़कें और नेशनल हाईवे टूट गए हैं। कई इलाकों का संपर्क देश के अन्य हिस्सों से पूरी तरह कट गया है। इस कारण वहां रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों का संकट खड़ा हो गया है। कुल्लू, चंबा, किन्नौर, लाहौल-स्पीति, ऊना, हमीरपुर, सिरमौर और कांगड़ा जिले के स्कूलों में लगातार दूसरे दिन आज मंगलवार को भी छुट्टी घोषित की गई है।
कुल्लू के चंद्रताल झील इलाके में 5 युवतियां लापता हो गईं। परिजनों का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा। यह सभी युवतियां अमेरिका से यहां घूमने आई थीं। भारतीय मूल के पिता ने अमेरिका से विदेश मंत्री से सुषमा स्वराज से फोन पर संपर्क कर अपनी बेटी सहित उसकी 4 अन्य सहेलियों को खोजने की गुहार लगाई है। लुनापानी में मलबे के नीचे कई वाहन दब गए हैं।
कई क्षेत्रों में भारी बारिश से मकान ढह गए हैं। बेघर हुए लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है। राज्य सरकार के अनुसार अरबों रुपए की संपत्ति नष्ट हो गई है।