बस खाई में गिरी, 15 की मौत

जम्मू। रामबन जिले में शनिवार सुबह एक बस खाई में जा गिरी। हादसे में 15 यात्रियों की मौत हो गई। 12 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक अन्य दुर्घटना में सेना के 13 जवान घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार पहली घटना रामबन जिले के बनिहाल में हुई। मिनी बस यात्रियों को लेकर रामबन से बनिहाल जा रही थी। केला मॉथ में ड्राइवर ने संतुलन खो दिया और बस खाई में जा गिरी। बस गिरने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया और बचाव कार्य में जुट गए। स्थानीय रहवासियों ने घायलों को खाई से बाहर निकाला। पुलिस ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों में भी कई लोगों की हालत गंभीर है।
सेना के 13 जवान घायल : उधर शनिवार सुबह दक्षिण कश्मीर जिले में कानीपोरा के पास सेना का एक वाहन पलट गया। वाहन में सवार 13 जवान घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती किया गया है।