मॉडल बेटे ने की मां की हत्या

मुंबई। लोखंडवाला में बीती रात एक मॉडल बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। मां फैशन डिजाइनर थी। पुलिस ने हत्या के आरोप में बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पैसों के विवाद में बेटे ने यह कृत्य किया।
पुलिस के अनुसार मृत महिला का नाम सुनीता सिंह है। वह अपने बेटे लक्ष्य व उसकी गर्लफ्रेंड के साथ लोखंडवाला की क्रॉस गेट सोसाइटी के फ्लैट में रहती थी। शनिवार सुबह लक्ष्य ने फोन कर एम्बुलेंस बुलाई तो एम्बुलेंस के कर्मचारियों ने उसे बताया कि महिला की मौत हो चुकी है और वे शव को एम्बुलेंस में नहीं ले जाएंगे। शव फ्लैट के बाथरूम में पड़ा था। इसके बाद लक्ष्य ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस वहां पहुंची तो लक्ष्य ने जानकारी दी कि उसकी मां बाथरूम में गिर गई थी। सिर में चोट आने के कारण उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने घटनास्थल और महिला के सिर की चोट देखने के बाद अनुमान लगा लिया कि यह सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या है। पुलिस ने लक्ष्य से सख्ती से पूछताछ की तो उसने गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह मॉडलिंग करता है और ड्रग एडिक्ट भी है। पैसों को लेकर अक्सर मां से उसका विवाद होता रहता था। कल रात भी विवाद हुआ तो उसने मां को बाथरुम में धक्का दिया और बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। पुलिस के अनुसार धक्का देने से महिला बाथरूम में गिरी और उसके सिर में गहरी चोट आई। पूरी रात वहीं पड़े रहने के दौरान उसने दम तोड़ दिया।