संत के आश्रम में डकैती

सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर में बांद्राभान के प्रसिद्ध पतई वाले स्वामी रामस्वरूपानंद के आश्रम में बीती रात डकैतों ने धावा बोला। सेवकों को बंधक बनाकर डकैत करीब 86 हजार रुपए, मोबाइल, कपड़े और बर्तन ले गए। सीएम शिवराजसिंह चौहान इस आश्रम के ट्रस्टी बताए गए हैं।
वर्ष 2003 में उमा भारती मप्र में विधानसभा चुनाव जीत की मंशा लिए इस आश्रम में आई थीं। आश्रम में उनकी गुरू बाईराम रहती थीं। तब से यह आश्रम चर्चा में है। गुरु बाईराम के देवलोक गमन के बाद पतई वाले स्वामी रामस्वरूपानंद इस आश्रम में रहते हैं। आश्रम के ट्रस्टी सीएम शिवराजसिंह चौहन भी हैं।
साध्वी प्रज्ञा गिरी ने बताया कि डकैतों की संख्या दस से अधिक थी। उनके हाथों में बड़े चाकू थे। डकैतों ने धमकाते हुए कहा कि तीन करोड़ रुपए कहां रखे हैं, बताओ। हमें पक्की खबर मिली है कि आश्रम में तीन करोड़ रुपए रखे हैं। रुपए ढूंढने के लिए डकैतों ने पूरे आश्रम की तलाशी ली। आश्रम में मौजूद कुछ लोगों को धमकाया और मारपीट भी की। डकैत करीब 86 हजार, मोबाइल, बर्तन व कपड़े ले भागे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और पूरे इलाके की घेराबंदी कर डकैतों की तलाश शुरू की। इसमें पुुलिस को सफलता भी मिली और दो डकैत हाथ लग गए। पुलिस के अनुसार इनके नाम हैं- तुकाराम निवासी ग्राम करहे टाकली (महाराष्ट्र) और अमीन खां एहसान नगर भोपाल।इनसे 48 हजार रुपए व आश्रम से लूटा गया कुछ सामान बरामद हुआ है। अन्य डकैतों की तलाश जारी है।