रिटायर्ड अधिकारी सहित 3 का अपहरण

सतना (मध्यप्रदेश)। चित्रकूट-सतना स्टेट हाइवे पर बगदरा घाटी के जंगल में गत दिवस हथियार बंद डकैतों ने तीन लोगों का अपहरण कर लिया। उन्हें रिहा करने के लिए 50 लाख रुपए फिरौती मांगी गई है।
पुलिस के अनुसार घटना दोपहर में हुई। सतना की ओर से आ रही कार पर डकैतों ने गोलियां चलाईं। इस कारण ड्राइवर को कार रोकनी पड़ी। कार रुकते ही डकैतों ने कार में सवार वन विभाग के रिटायर्ड एसडीओ रामाश्रय पांडेय (रीवा) व रिटायर्ड क्लर्क सुरेश सोहगौरा (रीवा) और ड्राइवर मुन्ना का बंदूक के बल पर अपहरण कर लिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रामाश्रय पांडेय चित्रकूट स्थित नेत्र चिकित्सालय में आंखों का इलाज कराने के बाद अपने दो साथियों के साथ लौट रहे थे। घटना के करीब पांच घंटे बाद डकैतों ने अपहृत सुरेश के मोबाइल से उनके भतीजे से संपर्क किया और अपह्यतों को रिहा करने के बदले 50 लाख रुपए फिरौती मांगी। पुलिस अपहरणकर्ताओं की तलाश में जुटी है।