कभी आपने घोड़े को रंग बदलते देखा है...?

चंडीगढ़। गिरगिट को तो रंग बदलते आपने देखा होगा और इस बारे में सुना भी होगा लेकिन क्या आपने कभी घोड़े को रंग बदलते देखा है लेकिन वाकई ऐसा हुआ है। पंजाब के फरीदकोट में पूरी तरह से काले रंग का एक घोड़ा थोड़े ही दिनों में एकदम सफेद रंग का हो गया। घोड़े का मालिक भी अचरज में है कि ऐसा कैसे हो गया उसने तो साढ़े 17 लाख रुपए खर्च कर काले रंग का घोड़ा खरीदा था।
यह घटना फरीदकोट निवासी करनबीर इंदरसिंह सेखों के साथ हुई। उन्होंने घोड़ों के व्यापारी मेवासिंह से एक साल पहले घोड़ा खरीदा था। मेवासिंह ने घोड़े को मारवाड़ी नस्ल का बताते हुए 24 लाख रुपए कीमत बताई थी। दोनों पक्षों में मोल-भाव हुआ और अंतत: साढ़े 17 लाख रुपए में करनबीर ने पूरी तरह से काले रंग के इस घोड़े को खरीद लिया। करनबीर ने बताया कि कुछ दिनों बाद ही घोड़े के शरीर पर सफेद निशान नजर आने लगे। पहले उन्हें कुछ शक हुआ लेकिन कुछ दिनों में घोड़े का शरीर सफेद होने लगा और फिर कुछ महीनों में तो घोड़ा पूरी तरह काले से सफेद हो गया। करनबीर को समझ में आ गया कि मेवासिंह ने उसे ठग लिया है। सस्ते घोड़े पर काला रंग पोत कर उसे मारवाड़ी नस्ल का बताते हुए उससे साढ़े 17 लाख रुपए ऐंठ लिए। जब करनबीर ने मेवासिंह और उसके साथियों से संपर्क कर शिकायत करनी चाही तो वे सभी बात तक करने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद करनबीर पहुंचे पुलिस की शरण में। पुलिस ने उनकी शिकायत पर घोड़ा व्यापारी मेवासिंह और उसके माता-पिता सहित आठ लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।